हरिद्वार (कमल शर्मा)। शहीद स्मारक स्थल स्थित ऐतिहासिक वटवृक्ष के सानिध्य में आर्य समाज नंद विहार द्वारा संचालित योग शिविर के सातवें दिन मंगलवार को योग और स्वास्थ्य जागरूकता का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में हरिद्वार से पधारीं योगाचार्या श्रीमती सोनिका विश्वकर्मा एवं योगाचार्य श्री राम कुमार ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, व्यायाम, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास कराते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

आर्य समाज नंद विहार के प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी ने कहा कि “योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। आर्य समाज का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक योग, संस्कार और वैदिक विचारों को पहुंचाना है। नियमित योगाभ्यास से स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण संभव है।”
वहीं नीरज सैनी, अध्यक्ष शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच ने कहा कि “युवा पीढ़ी को मोबाइल और नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में योग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए।”
योगाचार्या सोनिका विश्वकर्मा ने कहा कि “योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने की जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति रोगमुक्त, तनावमुक्त और ऊर्जावान बनता है। शहीदों की पावन स्मृति से जुड़े इस स्थल पर योग करना हम सभी को राष्ट्रसेवा और आत्मअनुशासन की प्रेरणा देता है।”
कार्यक्रम के दौरान आर्य समाज नंद विहार के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने योगाचार्या सोनिका विश्वकर्मा को ओ३म अंगवस्त्र एवं शहीदों के चित्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर आर्य हरपाल सिंह सैनी, नीरज सैनी (अध्यक्ष, शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच), अंकित, चारू, श्रेया, सविता, सृष्टि सैनी, ललिता, प्रमोद धीमान, लक्ष्मी चंद, सुभाष सैनी, प्रणव, शारदा, संगीता, अदिति, नीतू, गुड़िया, वैदिका, सोनिया गौतम, बबीता, प्रिया, निशा, यशपाल सैनी, संजय त्यागी, नीरज चौहान, दिवेश सहित बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास कर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, समाज कल्याण एवं निरोग जीवन की कामना के साथ हुआ।




