किसान आयोग गठन से लेकर कर्ज माफी तक, प्रधानमंत्री को भेजा गया ज्ञापन
हरिद्वार(कमल शर्मा)भारतीय किसान यूनियन “भानू” ने किसानों की समस्याओं और राष्ट्रहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन प्रेषित किया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठा. भानु प्रताप सिंह ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ किसान आज भी उपेक्षा और शोषण का शिकार है। यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो देशव्यापी आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।

भानु प्रताप सिंह ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन “भानू” हमेशा राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ किसानों, मजदूरों और आम जनता के हितों की लड़ाई लड़ता आया है। उन्होंने कहा कि पिछले कई दशकों की किसान विरोधी नीतियों के कारण किसान कर्ज के बोझ तले दब गया है और उसकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है।

प्रधानमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में संगठन ने किसानों के लिए पृथक किसान आयोग के गठन की मांग की है, जिसमें अध्यक्ष और सदस्य केवल किसान हों, राजनेता नहीं। इसके अलावा किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने, सिंचाई हेतु कृषि बिजली पूर्ण रूप से निशुल्क करने तथा सरकारी विभागों के निजीकरण पर रोक लगाने की मांग भी उठाई गई है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने कहा कि देश की सुरक्षा, लोकतंत्र और अन्न उत्पादन में योगदान देने वाले वर्गों को सम्मानजनक सुरक्षा कवच मिलना चाहिए। इसी क्रम में दुर्घटना में मृत किसान परिवार को एक करोड़ रुपये, शहीद पुलिसकर्मियों को दो करोड़ रुपये, ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले मीडिया कर्मियों को चार करोड़ रुपये तथा सेना एवं अर्धसैनिक बलों के शहीद जवानों के परिजनों को पांच करोड़ रुपये जीवन यापन सहायता प्रदान करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई है।

उन्होंने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है और उसकी समृद्धि के बिना विकसित भारत का सपना अधूरा रहेगा। सरकार को किसानों की वास्तविक समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। भानु प्रताप सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की मांगों की लगातार अनदेखी की गई तो भारतीय किसान यूनियन “भानू” देशभर में व्यापक जनआंदोलन चलाने के लिए बाध्य होगी।
“किसान मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा। किसानों को उनका अधिकार दिलाने के लिए भारतीय किसान यूनियन ‘भानू’ का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।” — ठा. भानु प्रताप सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष।




