तालाबों की सफाई से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य और कुंभ विकास कार्यों पर बनी सहमति, ग्रामीण क्षेत्रों में एंबुलेंस संचालन पर भी जोर
हरिद्वार (कमल शर्मा)। जिला पंचायत बोर्ड की गुरुवार को आयोजित बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। जिला पंचायत कार्यालय सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र सिंह उर्फ चौधरी किरण सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में पिछली कार्यवाही की पुष्टि के साथ विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में पीठ बाजार की तहबाजारी उपविधि में संशोधन, जिला पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा सदस्यों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों को लेकर रखे गए प्रस्तावों पर विचार किया गया। इसके अलावा व्यापक स्तर पर तालाबों की सफाई, ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर सुधारने, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में एंबुलेंस संचालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के बाद प्रस्ताव पारित किए गए।
आगामी कुंभ मेले को देखते हुए जिला पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने तथा बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी किरण सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास जिला पंचायत की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमारा प्रयास है कि गांवों में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर सड़क, स्वच्छता, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों। क्षेत्र की समस्याओं को केवल बैठक तक सीमित न रखकर उनका समयबद्ध समाधान कराया जाएगा। जिला पंचायत के सभी सदस्यों के सुझावों और प्रस्तावों को गंभीरता से लेते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला पंचायत क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। इसके साथ ही पशुपालन विभाग के सहयोग से पशुओं के टीकाकरण और जन्मदर नियंत्रण से जुड़े कार्यों को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
चौधरी किरण सिंह ने यह भी कहा कि जिला पंचायत की आय के स्रोत बढ़ाने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक विकास कार्य कराए जा सकें।
बैठक में जिला पंचायत के सभी सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।













