रुड़की। राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आर्य समाज नंद विहार, रुड़की एवं शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच के तत्वावधान में इस वर्ष भी शहीद स्मारक स्थल, ऐतिहासिक वटवृक्ष, पॉलिटेक्निक ग्राउंड रुड़की में राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत 15 अगस्त 2026 को प्रातः 7:30 बजे से 8:30 बजे तक श्रद्धांजलि यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यज्ञ में देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों एवं वीरांगनाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की जाएगी

इसके पश्चात प्रातः 9 बजे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों एवं वरिष्ठ समाजसेवियों द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी राष्ट्र के नाम अपना संदेश देंगे।
कार्यक्रम में आर्य समाज के वैदिक भजनोपदेशकों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की प्रस्तुति भी दी जाएगी। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों, राष्ट्रवादी एवं प्रबुद्ध नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शहीदों को नमन करने और स्वतंत्रता दिवस समारोह में सहभागी बनने का आह्वान किया है।
आर्य समाज नंद विहार के प्रधान हरपाल सिंह सैनी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों को स्मरण करने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का संकल्प लेने का दिन है। इस अवसर पर कार्यक्रम के विषय में बताते हुए उन्होंने कहा की यज्ञ: प्रातः 7:30 से 8:30 बजे तक एवं ध्वजारोहण: प्रातः 9:00 बजे होगा
इस अवसर पर हरपाल सिंह सैनी, प्रधान, आर्य समाज नंद विहार एवं श्री नीरज सैनी अध्यक्ष शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच, समस्त पदाधिकारीगण एवं सदस्य आदि उपस्थित रहे l










