छत्रपति साहू जी महाराज की जयंती पर सपा नेताओं ने किया नमन, सामाजिक न्याय और शिक्षा के उनके आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

बरेली(कमल शर्मा)समाजवादी पार्टी, बरेली महानगर कार्यालय पर राजर्षि छत्रपति साहू जी महाराज की जयंती जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव की अध्यक्षता में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए तथा उनके जीवन, व्यक्तित्व एवं समाज के उत्थान में दिए गए ऐतिहासिक योगदान पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का संचालन महासचिव पंडित दीपक शर्मा ने किया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि राजर्षि छत्रपति साहू जी महाराज सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के महान पुरोधा थे। उन्होंने वर्ष 1902 में कोल्हापुर रियासत में पिछड़े वर्गों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण लागू कर सामाजिक न्याय की ऐतिहासिक मिसाल पेश की। उन्होंने गरीब, दलित, पिछड़े और वंचित समाज के बच्चों के लिए शिक्षा के द्वार खोले, छात्रावासों और छात्रवृत्तियों की व्यवस्था की तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान और समान अवसर दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के महानगर उपाध्यक्ष शेर सिंह गंगवार ने कहा कि छत्रपति साहू जी महाराज ने जातिगत भेदभाव, छुआछूत और सामाजिक विषमता के विरुद्ध संघर्ष करते हुए एक समतामूलक समाज की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने महिला शिक्षा, किसानों और श्रमिकों के कल्याण तथा वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर सामाजिक समरसता एवं समानता को मजबूत करना चाहिए।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए जिला महासचिव पंडित दीपक शर्मा ने कहा कि राजर्षि छत्रपति साहू जी महाराज का संपूर्ण जीवन समाज के कमजोर, शोषित और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। शिक्षा, सामाजिक न्याय और समान अवसरों की उनकी सोच आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। उनके आदर्शों को अपनाकर ही एक समतामूलक और प्रगतिशील समाज का निर्माण किया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राजर्षि छत्रपति साहू जी महाराज के आदर्शों पर चलने तथा सामाजिक न्याय, शिक्षा और समानता के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के महानगर उपाध्यक्ष शेर सिंह गंगवार, दिनेश यादव, राजेश मौर्या, रामप्रकाश यादव, निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष रविन्द्र यादव, निवर्तमान जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव, सिम्पल कन्नौजिया, सुरेन्द्र सोनकर, पूर्व ब्लॉक प्रमुख नरेश सोलंकी, प्रमोद यादव एड., कैंट विधानसभा अध्यक्ष हरिओम प्रजापति, महिला सभा जिलाध्यक्ष स्मिता यादव, महानगर सचिव मोहित सक्सेना, हैप्पी यादव, बाबा साहब वाहिनी महानगर अध्यक्ष अमित गिहार, अधिवक्ता सभा जिलाध्यक्ष श्याम वीर यादव, हरेंद्र कन्नौजिया, हिमांशु सोनकर, वरुण राजपूत, महेन्द्र बिक्रम राजपूत, रोहित राजपूत, जोगेंद्र पटेल, अनिल श्रीवास्तव आदि प्रमुख पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *