गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब की मांग पर फिर तेज होगा आंदोलन, 40 साल के संघर्ष को निर्णायक दिशा देने का संकल्प
मतभेद भुलाकर एक मंच पर आएगा सिख समाज, श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार मुख्यमंत्री से करेंगे मुलाकात
हरिद्वार। (नील धारा) गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब की स्थापना की मांग को लेकर सिख समाज का चार दशक पुराना संघर्ष एक बार फिर तेज होने जा रहा है। बुधवार, 11 नवंबर 2026 को हरिद्वार स्थित गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब के धरना प्रदर्शन स्थल पर आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में संगत ने आंदोलन को नई ऊर्जा और मजबूत रणनीति के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। बैठक में स्पष्ट किया गया कि अब इस मांग को लेकर समाज की आवाज और मजबूती से उठाई जाएगी तथा सभी सिख संगठनों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में श्री गुरु नानक देव धर्म प्रचार समिति के अध्यक्ष सूबा सिंह ढिल्लों ने कहा कि सिख समाज पिछले 40 वर्षों से गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब की स्थापना की मांग को लेकर संघर्ष कर रहा है। पिछले करीब 10 वर्षों से इसी स्थान पर संगत लगातार धरना देकर अपनी आवाज बुलंद कर रही है। इसके बावजूद मांग का समाधान नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि संगत आज भी पूरी आस्था और दृढ़ संकल्प के साथ अपने अधिकार एवं धार्मिक भावनाओं से जुड़े इस विषय के समाधान की उम्मीद लगाए बैठी है।
मतभेद भुलाकर एक मंच पर आने की अपील
सूबा सिंह ढिल्लों ने कहा कि संघर्ष के दौरान अलग-अलग संगठनों और व्यक्तियों के बीच विचारों का अंतर हो सकता है, लेकिन गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब की मांग को लेकर सभी का उद्देश्य एक है। कोई भी संगठन या व्यक्ति इस मांग से अलग नहीं है। ऐसे में समय की आवश्यकता है कि सभी आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर एक मंच पर आएं और सामूहिक ताकत के साथ अपनी आवाज बुलंद करें।
बैठक में उपस्थित समिति के संरक्षक बाबा पंडत ने कहा कि गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब का मामला पूरे सिख समाज की आस्था और भावनाओं से जुड़ा हुआ है। पिछले 40 वर्षों से समाज इस मांग को लेकर संघर्ष कर रहा है। अब समय आ गया है कि सभी संगत और धार्मिक संगठन आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट हों। उन्होंने कहा कि जब तक सभी एक मंच पर आकर मजबूती से आवाज नहीं उठाएंगे, तब तक संघर्ष को अपेक्षित गति नहीं मिल पाएगी। गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब की मांग पूरी कराने के लिए समाज का संघर्ष पूरी एकजुटता के साथ जारी रहेगा।
श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार मुख्यमंत्री से करेंगे मुलाकात
सूबा सिंह ढिल्लों ने बताया कि इस महत्वपूर्ण मुद्दे को लेकर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज के साथ बैठक प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि जत्थेदार जल्द उत्तराखंड पहुंचकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब के मामले को प्रमुखता से उठाएंगे। इससे चार दशक से लंबित मांग के समाधान की दिशा में ठोस पहल होने की उम्मीद है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि हरिद्वार के विभिन्न गुरुद्वारों और धार्मिक संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधियों को पूरे मामले की जानकारी दी जाएगी। अधिक से अधिक संगत को अभियान से जोड़कर आंदोलन को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा, ताकि समाज की सामूहिक आवाज संबंधित जिम्मेदार लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
बैठक में बाबा पंडत, अनूप सिंह सिद्धू, जशकर्ण सिंह, बापू जोगिंदर सिंह, शेर सिंह, हार्मोन सिंह, बबली, सरबजीत सिंह, उज्ज्वल सिंह, लाहोरी सिंह, विक्रमजीत सिंह, महिंदर सिंह चावला एवं बलविंदर सिंह सहित अन्य संगत उपस्थित रही।
बैठक के अंत में उपस्थित संगत ने एक स्वर में कहा कि गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब की मांग किसी एक व्यक्ति या संगठन की नहीं, बल्कि पूरे सिख समाज की आस्था और भावनाओं से जुड़ा विषय है। 40 वर्षों से जारी इस संघर्ष को अब नई ऊर्जा, एकजुटता और मजबूत रणनीति के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।













