उत्तराखंड के करीब 9 हजार पेंशनरों को मिलेगा दो वेतनवृद्धियों का लाभ, सरकार ने मानी वर्षों पुरानी मांग



2006 से 2023 तक एक नोशनल वेतनवृद्धि और 2023 से एक अतिरिक्त वेतनवृद्धि का रास्ता साफ, जल्द जारी होगा शासनादेश
देहरादून। उत्तराखंड के सरकारी पेंशनरों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की वर्षों पुरानी मांग को प्रदेश सरकार ने स्वीकार कर लिया है। इससे प्रदेश के करीब 9 हजार पेंशनरों को दो वेतनवृद्धियों का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है। सरकार के इस निर्णय से लंबे समय से अपने हक की लड़ाई लड़ रहे सेवानिवृत्त कर्मचारियों में खुशी की लहर है।
गुरुवार, 12 नवंबर 2026 को गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के प्रांतीय अध्यक्ष चौधरी ओमवीर सिंह एवं देहरादून के जिला अध्यक्ष ठाकुर शेर सिंह थापली ने सचिवालय में वित्त सचिव श्री दिलीप जावलकर से मुलाकात की। इस दौरान पेंशनरों की वर्ष 2023 से लंबित चली आ रही मांग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।
वित्त सचिव ने संगठन के पदाधिकारियों को अवगत कराया कि उत्तर प्रदेश सरकार की तर्ज पर उत्तराखंड के उन कर्मचारियों को, जो 30 जून और 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त हुए हैं, वर्ष 2006 से 2023 तक एक नोशनल वेतनवृद्धि तथा वर्ष 2023 से एक अतिरिक्त वेतनवृद्धि का लाभ देने का निर्णय शासन एवं सरकार के स्तर पर लिया जा चुका है। इस निर्णय से लगभग 9 हजार पेंशनर लाभान्वित होंगे। उन्होंने बताया कि प्रस्ताव का अनुमोदन हो चुका है और शीघ्र ही इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया जाएगा।
प्रांतीय अध्यक्ष चौधरी ओमवीर सिंह ने जताया सरकार का आभार
संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष चौधरी ओमवीर सिंह ने कहा कि यह पेंशनरों के लंबे संघर्ष और संगठन के निरंतर प्रयासों की महत्वपूर्ण सफलता है। वर्ष 2023 से पेंशनर इस न्यायोचित मांग को लेकर लगातार आवाज उठा रहे थे। सरकार द्वारा मांग स्वीकार किए जाने से हजारों सेवानिवृत्त कर्मचारियों को राहत मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं वित्त विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पेंशनरों के हित में लिया गया यह निर्णय सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि संगठन हमेशा पेंशनरों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है। इस निर्णय से पेंशनर समाज में सकारात्मक संदेश गया है। संगठन ने उम्मीद जताई कि जल्द शासनादेश जारी कर इस निर्णय को धरातल पर लागू किया जाएगा।
पेंशनरों के लिए बड़ी उपलब्धि, वर्षों के इंतजार का मिला परिणाम
गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन ने इसे प्रदेश के हजारों पेंशनरों के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए सरकार के प्रति आभार प्रकट किया है। अब सभी की निगाहें शासनादेश जारी होने और लाभ के वास्तविक क्रियान्वयन पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *