कमल शर्मा
श्रावण मास के शुभारंभ के साथ ही रोटरी हरिद्वार ने एक बार फिर समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराते हुए कांवड़ यात्रा के दौरान अपने अब तक के सबसे बड़े सेवा प्रकल्पों में से एक का सफल संचालन किया।
क्लब ने संकल्प लिया कि कांवड़ यात्रियों की सेवा हेतु 1 लाख जूस की बोतलों का वितरण किया जाएगा। इस महाअभियान में पूरे क्लब ने एकजुट होकर सेवा का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।
आई.पी.पी. रो. डॉ. आलोक सारस्वत ने इमामी ग्रुप (Axiom) के CSR सहयोग से 1.25 लीटर जूस की बोतलों की सम्पूर्ण लॉजिस्टिक्स एवं आपूर्ति व्यवस्था का सफलतापूर्वक संचालन किया, जिससे पूरे अभियान के दौरान किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी गई।
पूर्व अध्यक्ष रो. बी. एम. गुप्ता के नेतृत्व में उनकी टीम ने आई.पी.-4, बेगमपुर में पाँच दिनों तक मोर्चा संभालते हुए लगभग 30,000 जूस की बोतलों का वितरण कांवड़ यात्रियों के बीच किया।
इसी प्रकार, रो. निखिल गर्ग के संयोजकत्व में रोटरी हरिद्वार के सदस्यों एवं रोटरी एन्स ने रानीपुर, प्रेम नगर आश्रम पुल पर प्रतिदिन सायंकाल सेवा शिविर लगाकर पाँच दिनों में लगभग 30,000 जूस की बोतलों का वितरण किया।
रो. संजय पचीसिया एवं उनकी टीम ने JURS Country क्षेत्र में 10,000 जूस की बोतलों का सफलतापूर्वक वितरण किया।
कांवड़ यात्रा के दौरान दिन-रात अपनी सेवाएँ दे रहे पुलिस प्रशासन के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए रो. हरेंद्रनाथ, पूर्व अध्यक्ष रो. हिमांशु चोपड़ा, पूर्व अध्यक्ष रो. विवेक मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष रो. भूषण ननकानी, पूर्व अध्यक्ष रो. अंकुर मित्तल एवं पूर्व अध्यक्ष रो. गौरव गुप्ता ने विभिन्न पुलिस थानों एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस टीमों तक लगभग 35,000 जूस की बोतलों का वितरण सुनिश्चित किया।
इसके अतिरिक्त, आई.पी.पी. रो. डॉ. आलोक सारस्वत ने ऋषिकेश, रुड़की एवं देहरादून के विभिन्न रोटरी क्लबों के साथ-साथ मारवाड़ी सभा एवं मंदिर समिति, छट घाट जैसी सामाजिक संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर इन क्षेत्रों में भी लगभग 20,000 जूस की बोतलों के वितरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इन सभी प्रयासों के परिणामस्वरूप कुल मिलाकर लगभग 1.25 लाख जूस की बोतलों का वितरण सफलतापूर्वक किया गया, जो रोटरी हरिद्वार के इतिहास के सबसे बड़े सामुदायिक सेवा अभियानों में से एक बन गया।
इस अवसर पर आई.पी.पी. रो. डॉ. आलोक सारस्वत ने इमामी ग्रुप (Axiom) का उनके CSR सहयोग एवं जूस उपलब्ध कराने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी सहयोगी संस्थाओं, रोटरी क्लबों तथा रोटरी हरिद्वार के प्रत्येक सदस्य एवं स्वयंसेवक को इस सेवा अभियान को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया।
अध्यक्ष रो. डॉ. नीलमाधव साहू ने सम्पूर्ण रोटरी हरिद्वार परिवार को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उसी सेवा स्थल पर एक और महत्वपूर्ण परियोजना का शुभारंभ किया। इसके अंतर्गत निःशुल्क चिकित्सा शिविर, निःशुल्क दवा वितरण, दर्द निवारक स्प्रे उपलब्ध कराना तथा कांवड़ यात्रियों की छोटी-मोटी चोटों का उपचार किया गया।
रोटरी हरिद्वार ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि “सेवा ही सर्वोपरि” (Service Above Self) केवल रोटरी का ध्येय वाक्य नहीं, बल्कि प्रत्येक रोटेरियन के जीवन का संकल्प है। सामूहिक प्रयास, समर्पण और सेवा भावना के बल पर क्लब ने अपने सबसे बड़े और सर्वाधिक प्रभावशाली सामुदायिक सेवा प्रकल्पों में से एक को सफलतापूर्वक पूर्ण किया।










