पितरों की स्मृति में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, भक्ति से सराबोर हुआ भगवान धाम कवीर आश्रम


पोथी यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, कथा व्यास आचार्य राघव जी महाराज ने सुनाया भागवत महात्म्य


हरिद्वार (कमल शर्मा)। पितृ पक्ष के पावन अवसर पर स्वर्गीय श्री शान्ती स्वरूप अग्रवाल, स्वर्गीय श्रीमती शान्ती देवी अग्रवाल एवं स्वर्गीय श्री विशन स्वरूप गर्ग की स्मृति में श्री भगवान धाम कवीर आश्रम, भूपतवाला में शनिवार से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। कथा के शुभारंभ से पूर्व पोथी यात्रा धूमधाम और धार्मिक उल्लास के साथ निकाली गई। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ यात्रा में सहभागिता की, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।


कथा व्यास आचार्य राघव जी महाराज ने कहा कि पितृ पक्ष में श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करना अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। उन्होंने कहा कि “श्रीमद्भागवत केवल एक कथा नहीं, बल्कि जीवन को धर्म, भक्ति और संस्कारों की दिशा देने वाला दिव्य ग्रंथ है। पितरों की स्मृति में श्रद्धा के साथ भागवत कथा का श्रवण करने से मन को शांति मिलती है और परिवार में आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण होता है।

कथा के प्रत्येक प्रसंग में मानव जीवन के लिए कल्याणकारी संदेश निहित है।”
उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा के सातों दिनों नियमित रूप से उपस्थित होकर कथा श्रवण करने का आह्वान किया।
आयोजक श्रीमती सुमन गर्ग धर्मपत्नी स्वर्गीय श्री विशन स्वरूप गर्ग ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि पितरों की स्मृति और उनके निमित्त आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में अधिक से अधिक श्रद्धालु शामिल होकर पुण्य के भागी बनें।


कथा का आयोजन 03 अक्टूबर से 09 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा। 09 अक्टूबर को पूर्णाहुति एवं प्रसाद वितरण होगा। कथा का सीधा प्रसारण Acharya Raghavji Maharaj Brijbhav के YouTube एवं Facebook चैनल पर भी किया जा रहा है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और कथा पंडाल में राधे-राधे एवं जय श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *