श्रद्धांजलि यज्ञ में क्रांतिकारियों के बलिदान को किया नमन, महापुरुषों के जीवन प्रसंगों का किया स्मरण
रुड़की (कमल शर्मा)। शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह के जन्मोत्सव के अवसर पर सोमवार को ऐतिहासिक वटवृक्ष, सुनहरा रुड़की स्थित शहीद स्मारक स्थल पर आर्य समाज नंद विहार रुड़की एवं शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच रुड़की के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धांजलि यज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ के माध्यम से देश के अमर शहीदों, क्रांतिकारियों एवं राष्ट्रभक्त महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

श्रद्धांजलि यज्ञ के ब्रह्मा जिला आर्य प्रतिनिधि सभा हरिद्वार के वरिष्ठ उपप्रधान आर्य ऋषिपाल सिंह सैनी रहे। यज्ञमान दंपति के रूप में आर्य समाज बीटी गंज के पूर्व प्रधान आर्य राजेश शर्मा एवं अक्षय शर्मा तथा जिला आर्य प्रतिनिधि सभा हरिद्वार के प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी एवं श्रीमती सुदेश सैनी ने आहुतियां प्रदान कीं। शहीद भगत सिंह जन्मोत्सव के अवसर पर राष्ट्रीय प्रार्थना एवं संगठन सूक्त के विशेष वैदिक मंत्रों के साथ राष्ट्रहित और देश की उन्नति की कामना करते हुए यज्ञ में आहुतियां दी गईं।
प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी ने कहा कि शहीद भगत सिंह और उनके साथियों का जीवन देशभक्ति, साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अमर शहीदों के जीवन और उनके विचारों से परिचित कराना समय की आवश्यकता है। शहीदों की कुर्बानियों को केवल स्मरण करना ही नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस अवसर पर शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच के अध्यक्ष नीरज सैनी ने सितंबर माह में जन्मे महापुरुषों, वीर-वीरांगनाओं एवं बलिदानी क्रांतिकारियों का तिथिवार जीवन परिचय प्रस्तुत किया। उन्होंने क्रांतिकारियों के जीवन से जुड़े विभिन्न संघर्षों, घटनाओं एवं प्रेरक प्रसंगों को विस्तार से सामने रखते हुए युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
नीरज सैनी ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता के इतिहास में सितंबर माह में जन्मे अनेक महापुरुषों और क्रांतिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके संघर्षों और बलिदानों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना युवा मंच का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह जैसे महान क्रांतिकारियों की विचारधारा युवाओं में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती है।
श्रद्धांजलि यज्ञ में आर्य समाज निजामपुर से रविंद्र आर्य, सुरेंद्र रोड, आर्य पीतम सिंह सैनी, आर्य राम कुमार, रणबीर सिंह नीटू, राजू कुमार, बबीता सैनी सहित बड़ी संख्या में आर्यजन एवं राष्ट्रप्रेमी उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।













