29वें श्री गुरु प्रेम स्मृति सम्मेलन का श्रद्धा और भक्ति के बीच भव्य समापन



हरिद्वार(कमल शर्मा)निजात्म प्रेम धाम ट्रस्ट एवं श्री हरिहर गौ सेवा समिति (रजि.) के तत्वावधान में महामंडलेश्वर स्वामी शिवप्रेमानन्द जी महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित 29वें श्री गुरु प्रेम स्मृति सम्मेलन का रविवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक भावनाओं के बीच भव्य समापन हुआ। चार दिवसीय इस धार्मिक एवं सेवा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं और धर्मप्रेमी लोगों ने सहभागिता की।


सम्मेलन के दौरान 13 अगस्त को आयोजित निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में जरूरतमंद लोगों की नेत्र जांच कर उन्हें चिकित्सा परामर्श एवं आवश्यक सेवाएं प्रदान की गईं। इसके पश्चात 14 अगस्त को हवन-यज्ञ एवं ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ तथा श्रीरामचरित मानस के अखंड पाठ, आरती-वंदन और भक्ति संगीत ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।


15 अगस्त को श्रीरामचरित मानस पाठ, संकीर्तन एवं सत्संग का प्रवाह जारी रहा। सायंकाल आरती, पूजा और भजन-संकीर्तन में श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रहे।
समापन दिवस रविवार को श्रद्धा का उमड़ा सैलाब
रविवार को सम्मेलन के अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने श्रद्धेय महापुरुषों एवं महामंडलेश्वर वृंदों के चरणों में श्रद्धांजलि अर्पित की। संत-महात्माओं ने अपने प्रवचनों के माध्यम से गुरु भक्ति, सेवा, सनातन संस्कार और मानव कल्याण का संदेश दिया। इसके बाद आयोजित समष्टि भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।


महामंडलेश्वर स्वामी शिवप्रेमानन्द जी महाराज ने कहा कि गुरु की कृपा मनुष्य के जीवन को सही दिशा प्रदान करती है। गुरु के बताए मार्ग पर चलकर सेवा, साधना और सदाचार को जीवन का आधार बनाना ही सच्ची गुरु-भक्ति है। उन्होंने श्रद्धालुओं से समाज और राष्ट्रहित में सेवा कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया।


चार दिनों तक चले इस आयोजन में धार्मिक अनुष्ठानों, सत्संग, भजन-कीर्तन, चिकित्सा सेवा और भंडारे के माध्यम से गुरु प्रेम, सेवा और सनातन संस्कृति का संदेश जन-जन तक पहुंचा। कार्यक्रम के सफल समापन पर आयोजकों ने संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं, सेवाभावी कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *