हरिद्वार(कमल शर्मा)उत्तराखण्ड में सत्ता परिवर्तन की मांग को लेकर श्री गर्व पचास बालक देवता के धामी एवं संस्थापक चेयरमैन मदन सिंह सामंत ने कांग्रेस के 19 विधायकों के समर्थन का दावा करते हुए जनहित से जुड़े 10 प्रमुख मुद्दों को सामने रखा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के भविष्य और आम जनता की समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए राजनीतिक बदलाव जरूरी है।
मदन सिंह सामंत ने कहा कि उनका उद्देश्य उत्तराखण्ड के नए भविष्य की मजबूत नींव रखना है। इसके लिए कार्यपालिका में नई नीति और न्यायपालिका में आवश्यक नए कानूनों की व्यवस्था किए जाने की जरूरत है। उन्होंने जनता को सस्ती बिजली और पानी उपलब्ध कराने की मांग करते हुए बिजली की दर 3 रुपये प्रति यूनिट तथा पानी का बिल 100 रुपये प्रतिमाह किए जाने की बात कही।
उन्होंने वृद्धावस्था, दिव्यांग एवं विधवा पेंशन को 3,000 रुपये प्रतिमाह किए जाने, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 600 रुपये करने तथा उत्तराखण्ड में हाल में बनाए गए ऐसे कानूनों को समाप्त करने की मांग उठाई, जिन्हें वे जनहित में उचित नहीं मानते।
सामंत ने फुटपाथों पर ठेले-खोमचे और छोटी दुकानें लगाने वाले गरीब लोगों के पुनर्वास की मांग करते हुए कहा कि उनके लिए पक्की दुकानें बनवाई जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिस परिवार में कोई कमाने वाला नहीं है, ऐसे परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने उत्तराखण्ड में शराबबंदी लागू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई।
मदन सिंह सामंत ने कहा, “हमारा लक्ष्य सत्ता परिवर्तन के साथ-साथ आम जनता की मूलभूत समस्याओं का तुरंत समाधान करना है। उत्तराखण्ड के भविष्य, गरीब परिवारों, छोटे दुकानदारों, महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों के हित में ठोस नीतियां बननी चाहिए। जनता को महंगाई और बेरोजगारी से राहत दिलाना हमारी प्राथमिकता है।”
उन्होंने कहा कि यदि उनके प्रस्तावित एजेंडे को राजनीतिक समर्थन मिलता है तो बिजली, पानी, पेंशन, गैस, रोजगार, शराबबंदी और गरीबों के पुनर्वास जैसे मुद्दों पर प्राथमिकता के साथ काम किया जाएगा।
इस अवसर पर मदन मोहन खेलिया प्रदेश उपाध्यक्ष, वेद प्रकाश वर्मा प्रदेश अध्यक्ष, भीम दत्त भट्ट प्रदेश सचिव, किशन चंद्र उप्रेती प्रदेश कोषाध्यक्ष तथा नंदन सिंह भाकुनि प्रदेश महासचिव सहित संगठन से जुड़े पदाधिकारियों के नाम भी जारी किए गए।
सत्ता परिवर्तन के लिए कांग्रेस के 19 विधायकों के समर्थन का दावा, 10 सूत्रीय जनहित एजेंडा लेकर मैदान में उतरे मदन सिंह सामंत











