हरिद्वार (कमल शर्मा)। पुरुषोत्तम मास में पड़ने वाली पावन पूर्णिमा के शुभ अवसर पर मुंबई से हरिद्वार पहुंची श्रद्धालु भक्त रीटा कौल ने कनखल स्थित हरिहर आश्रम में जूना अखाड़ा के आचार्य पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर आश्रम का आध्यात्मिक वातावरण भक्तिभाव से सराबोर रहा। श्रद्धालु ने पुरुषोत्तम मास की पूर्णिमा के महत्व पर चर्चा करते हुए गुरुदेव के श्रीचरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की। आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने भक्त को धर्म, सेवा, साधना एवं मानव कल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश देते हुए शुभाशीष प्रदान किया।

स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने कहा कि पुरुषोत्तम मास और पूर्णिमा का संयोग अत्यंत दुर्लभ एवं पुण्यदायी माना गया है। इस दिन भगवान विष्णु की उपासना, दान, जप और सत्संग से जीवन में आध्यात्मिक उन्नति तथा मन को शांति प्राप्त होती है।
भेंट के दौरान आश्रम के संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। पूर्णिमा के पावन अवसर पर हरिहर आश्रम में दिनभर पूजा-अर्चना, जप एवं धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।




