मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र के नेतृत्व में हरकी पौड़ी से अभियान का शुभारंभ
आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 07 नवंबर तक चलाया जाएगा विशेष स्वच्छता अभियान
जिलाधिकारी ने स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक संगठनों, संत समाज, जनप्रतिनिधियों, औद्योगिक इकाइयों एवं आमजन से अभियान में सहयोग की अपील की
हरिद्वार 21 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने तथा आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र के नेतृत्व में आज हरकी पौड़ी से विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान में श्रीगंगा सभा, नगर निगम एवं विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
विशेष स्वच्छता अभियान का मुख्य उद्देश्य गंगा घाटों, सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखना है, ताकि हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ और सुंदर वातावरण उपलब्ध हो सके। आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत जनपद के शहरी क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक यह अभियान 07 नवंबर तक संचालित किया जाएगा।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अभियान को सफल बनाने के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक संगठनों, संत समाज, जनप्रतिनिधियों, औद्योगिक इकाइयों एवं आमजन से सक्रिय सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनपद को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ हरिद्वार को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया जा सकता है।
अभियान के दौरान गंगा घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है साथ ही आमजन से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
स्वच्छता अभियान के शुभारंभ के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ ललित नारायण मिश्र ने कहा कि जनपद को साफ स्वच्छ बनाने में सभी के सहयोग से ही यह कार्य संभव हो पाएगा,उन्होंने कहा कि जनपद हरिद्वार विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है जहां देश विदेश से प्रतिवर्ष करोड़ों श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाने आते है,मां गंगा की पवित्रता को बनाए रखने एवं जनपद के सभी धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को साफ स्वच्छ बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी के निर्देशन में विशेष स्वच्छता अभियान आज से शुरू किया गया है जो 07 नवंबर तक संचालित होगा ,जो जनपद के शहरी क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक यह सफाई अभियान चलाया जाएगा।जिसमें उन्होंने सभी से इस अभियान को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की है।
राज्य मंत्री एवं श्रीगंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए धार्मिक संस्थानों, जनपदवासियों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं समस्त सामाजिक संगठनों से सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग एवं जनभागीदारी से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि तीर्थनगरी हरिद्वार की स्वच्छता एवं पवित्रता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने चाहिए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके।
इस अवसर पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम डॉ पवन कार्की ने भी सभी से अपील करते हुए कहा कि नगर निगम के माध्यम से चलाए जा रहे स्वच्छ अभियान में सभी लोग अपना पूर्ण सहयोग करे ,जिससे कि तीर्थस्थल हरिद्वार को साफ स्वच्छ बनाया जा सके।आज चलाए गए स्वच्छ अभियान में लगभग 02 कुंटल सूखा एवं गीला कूड़ा एकत्रित किया गया है।
इस अवसर पर श्रीगंगा सभा से वीरेंद्र कौशिक,अनुराग सरदार,हिमांशु,अनुराग एवं कर्मचारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी,नगर निगम के पर्यावरण मित्र और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।













