कनखल में भक्ति का विराट संगम: 56वां भण्डारा भव्यता के साथ सम्पन्न, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद


हरिद्वार। कनखल स्थित राजघाट रोड पर गंगा तट के समीप आयोजित परम पूज्य सद्गुरुदेव भगवान श्री श्री 1008 श्री गोपालानन्द (पंजाबी बाबा) जी की पावन स्मृति में 56वां विशाल भण्डारा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। इस अवसर पर दूर-दूर से पहुंचे संत-महात्माओं, गुरु भाई-बहनों एवं हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
तीन दिवसीय इस आध्यात्मिक आयोजन में 4 मई से ही धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रारंभ हो गई थी। गुरु पूजा, साधना, ध्यान-योग, सत्संग और कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। निशुल्क मेडिकल कैंप में भी बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य लाभ लिया।
5 मई को आयोजित गुरु पूजा, रुद्राभिषेक, समिति की बैठकों एवं भजन संध्या ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। संतों के प्रेरणादायक व्याख्यानों में गुरु महिमा और सेवा भावना का संदेश दिया गया।
मुख्य दिवस 6 मई को प्रातः वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गुरु पूजन एवं हवन सम्पन्न हुआ। इसके पश्चात विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया, जिसमें साधु-संतों, ब्राह्मणों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर सेवा, अनुशासन और भक्ति का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।
स्मारक समिति के पदाधिकारियों ने सभी आगंतुकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि यह आयोजन गुरु परंपरा के प्रति आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। साथ ही उन्होंने पुराने भवन के नवीनीकरण हेतु सहयोग देने की अपील भी की।
प्रधान नरेश चंद्र, मंत्री श्रीमती प्रभा शर्मा, कोषाध्यक्ष रामकृष्ण आनंद सहित समस्त समिति सदस्यों के समर्पण और सहयोग से कार्यक्रम गरिमामय ढंग से सम्पन्न हुआ।
भक्ति, सेवा और समर्पण की यह दिव्य धारा कनखल में एक बार फिर श्रद्धालुओं के हृदय में अमिट छाप छोड़ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *