महाकामेश्वर मंदिर में गूंजे वैदिक मंत्र, दीदी मां साध्वी ऋतम्भरा की मौजूदगी में शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न


हरिद्वार(कमल शर्मा)जगजीतपुर स्थित वात्सल्य गंगा आश्रम आध्यात्मिक उल्लास और भक्ति भाव से सराबोर हो उठा, जब तीन दिवसीय वैदिक अनुष्ठान के उपरांत नवनिर्मित महाकामेश्वर मंदिर में भगवान शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई। इस पावन अवसर पर दीदी मां साध्वी ऋतम्भरा के सान्निध्य में आयोजित समारोह में देशभर से आए संत-महात्माओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान शिव, माता पार्वती, श्रीगणेश एवं भगवान कार्तिकेय की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए साध्वी ऋतम्भरा ने कहा कि देवों के देव महादेव अपने भक्तों पर सदैव कृपा बरसाते हैं और उनकी आराधना से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है। उन्होंने कहा कि वात्सल्य गंगा आश्रम में महाकामेश्वर मंदिर की स्थापना और शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा से पूरे क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा तथा भगवान शिव की कृपा से जन-जन का कल्याण होगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से श्रद्धा, विश्वास और भक्ति भाव के साथ महादेव की आराधना करने का आह्वान किया।
प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के दौरान संपूर्ण आश्रम परिसर हर-हर महादेव के जयघोष और वैदिक मंत्रों से गुंजायमान रहा। कार्यक्रम में संजय भैयाजी, साध्वी सहृदय गिरि, स्वामी सत्यशील, स्वामी सत्यश्रवानंद गिरि, स्वामी सत्यश्रेय गिरि, साध्वी सत्य श्रद्धा, साध्वी समिधा, साध्वी सत्यनिष्ठा, स्वामी सत्यआलोकनंद, स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी हरिहरानंद, स्वामी दिनेश दास, स्वामी विपनानंद, स्वामी नागेंद्र महाराज, नागपुर से आए दयाल मूलचंदानी, डॉ. विशाल गर्ग, विश्वास सक्सेना, अमित वालिया सहित अनेक संत-महात्मा एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन का वातावरण भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *