हरिद्वार। कमल शर्मा/श्यामपुर स्थित श्री श्याम बैकुंठ धाम में श्री श्री 1008 ब्रह्मलीन दादा गुरु श्री राम गोपाल जी महाराज (अलवर वाले बाबा) की पावन कृपा तथा परम पूज्य श्री श्री 108 श्री श्याम सुन्दर जी महाराज गुरूजी, परम पूज्य श्री श्री 1008 श्री शंकराचार्य जी, महामंडलेश्वर एवं मंडलेश्वर संतों की दिव्य छत्रछाया में आयोजित तृतीय वार्षिक उत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ भव्य रूप से सम्पन्न हो गया। तीन दिनों तक चले इस आध्यात्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त किया।
पूरे उत्सव के दौरान श्री श्याम नाम संकीर्तन, भजन संध्या, संत प्रवचन, विशाल भंडारा एवं सत्संग का आयोजन हुआ, जिससे सम्पूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में नतमस्तक होकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर परम पूज्य श्री श्री 108 श्याम सुंदर दास महाराज ने कहा कि “गुरु भक्ति और भगवान के नाम का स्मरण ही जीवन को सफल बनाता है। आज समाज को आध्यात्मिक चेतना और संस्कारों की सबसे अधिक आवश्यकता है। ऐसे आयोजन सनातन संस्कृति को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों को सेवा, प्रेम और सद्भाव का संदेश देते हैं। ब्रह्मलीन दादा गुरु श्री राम गोपाल जी महाराज द्वारा दिखाया गया भक्ति और सेवा का मार्ग सदैव मानवता का पथ प्रदर्शन करता रहेगा।”

उन्होंने कहा कि श्री श्याम वैकुण्ठ धाम आज श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है, जहां आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु आत्मिक शांति का अनुभव करता है। कार्यक्रम के समापन पर संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त कर श्रद्धालुओं ने आयोजन समिति की भव्य व्यवस्था की सराहना की।



