हरिद्वार। पवनपुत्र श्री हनुमान जी की असीम कृपा से मंगलवार को श्री गोविंदघाट, गोविंदपुरी हरिद्वार में टीम जीवन फाउंडेशन एवं श्री गोविंद घाट समिति के संयुक्त तत्वावधान में 151 सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं टीम जीवन के 5वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य भजन संध्या श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्म लाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात श्रद्धालुओं द्वारा एक स्वर में 151 सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। देर रात तक चली भजन संध्या में भजन गायकों ने श्रीराम एवं हनुमान जी के मनमोहक भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

इस अवसर पर पूर्व मेयर मनोज गर्ग ने कहा कि “हनुमान चालीसा केवल एक पाठ नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति की ऊर्जा और आत्मविश्वास का स्रोत है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मकता, एकता और संस्कारों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। टीम जीवन फाउंडेशन द्वारा युवाओं को धर्म और सेवा से जोड़ने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है।”

उन्होंने कहा कि हरिद्वार की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका है और इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का माध्यम बनते हैं।

कार्यक्रम में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण एवं भंडारे का भी आयोजन किया गया। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।



