हरिद्वार(कमल शर्मा)उत्तरी हरिद्वार की प्रख्यात धार्मिक संस्था श्री कृष्ण कृपा धाम में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर 01 जून से 07 जून तक भव्य गीता ज्ञान–गीता ध्यान एवं गीता अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। यह आध्यात्मिक आयोजन श्री कृष्ण कृपा धाम के परमाध्यक्ष, गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद महाराज के सानिध्य में संपन्न होगा।

आयोजन के अंतर्गत श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो एकता भवन गंगा घाट, भीमगोड़ा से प्रारंभ होकर भीमगोड़ा, खड़खड़ी रेलवे फाटक होते हुए श्री कृष्ण कृपा धाम में पहुंचकर सम्पन्न होगी। शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर समाजसेवियों एवं श्रद्धालु भक्तों द्वारा पुष्पवर्षा और स्वागत-अभिनंदन किया जाएगा।
विशेष बात यह रहेगी कि शोभायात्रा में गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद महाराज तथा श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह के कथाव्यास पंडित राम मुदगल शास्त्री एक साथ श्रद्धालुओं को दर्शन एवं आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
आयोजन के दौरान स्वामी ज्ञानानंद महाराज प्रतिदिन प्रातः 06:30 बजे से 07:30 बजे तक गीता ध्यान तथा सायं 04:00 बजे से 06:00 बजे तक गीता सत्संग के माध्यम से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भगवद्गीता के दिव्य ज्ञान का बोध कराएंगे। वहीं कथाव्यास पंडित राम मुदगल शास्त्री प्रतिदिन प्रातः 09:30 बजे से 12:30 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराकर भक्तों को धर्म, भक्ति और वैराग्य का संदेश देंगे।
स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि पुरुषोत्तम मास आत्मशुद्धि, भक्ति और भगवान के चिंतन का सर्वोत्तम अवसर है। गीता का ज्ञान जीवन को सही दिशा प्रदान करता है और भागवत कथा मनुष्य को ईश्वर से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित करने का आह्वान किया।
इस आध्यात्मिक महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह व्याप्त है तथा आयोजन समिति द्वारा सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है।




