हरिद्वार (कमल शर्मा)। सावन मास के पावन अवसर पर जगजीतपुर स्थित शिवडेल स्कूल के स्ववेद प्ले ग्रुप में सावन उत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच धूमधाम से मनाया गया। भारतीय संस्कृति और सनातन संस्कारों से बच्चों को जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रंग-बिरंगी कांवड़ों से सुसज्जित नन्हे बच्चों की मनोहारी कांवड़ यात्रा रही। अपने नन्हें कंधों पर कांवड़ धारण कर निकले बच्चों ने पूरे विद्यालय परिसर को “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से गुंजायमान कर दिया। भक्तिमय वातावरण ने सभी उपस्थित लोगों को शिवभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर बच्चों ने भगवान शिव, माता पार्वती, नंदी तथा अन्य पौराणिक पात्रों की आकर्षक वेशभूषा धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां और सांस्कृतिक नृत्य पेश किए। उनकी मासूम अदाओं, आत्मविश्वास और भक्ति भाव ने अभिभावकों एवं शिक्षकों का दिल जीत लिया।
विद्यालय के अध्यक्ष स्वामी शरद पुरी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और नैतिक संस्कारों का बीजारोपण बाल्यावस्था से ही किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन बच्चों में अनुशासन, आध्यात्मिक चेतना और अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य पुनीत श्रीवास्तव ने कहा कि शिवडेल स्कूल का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और पारंपरिक विरासत से बच्चों को जोड़ना विद्यालय की प्राथमिकता है। ऐसे आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक जागरूकता को नई दिशा प्रदान करते हैं।
सावन उत्सव के इस भव्य आयोजन ने विद्यालय परिसर को शिवभक्ति और भारतीय संस्कृति के रंगों से सराबोर कर दिया तथा उपस्थित सभी लोगों के लिए यह कार्यक्रम अविस्मरणीय बन गया।










