प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता पर कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर खड़गे के खिलाफ FIR की मांग, SSP को सौंपा प्रार्थना पत्र
हरिद्वार (कमल शर्मा)। भारतीय जनता पार्टी के जनपद हरिद्वार के विधि प्रकोष्ठ के सहसंयोजक कमल भदौरिया एडवोकेट ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित विवादित बयान को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार को प्रार्थना पत्र सौंपकर उनके विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने प्रकरण में कानूनी कार्रवाई करते हुए संबंधित मामले में थाना कनखल में मुकदमा दर्ज कराने का अनुरोध किया है।
कमल भदौरिया एडवोकेट ने अपने प्रार्थना पत्र में कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक गणराज्य है, जहां प्रत्येक नागरिक को संविधान के तहत अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्राप्त है। हालांकि, स्वतंत्रता का अर्थ यह नहीं है कि राजनीतिक मतभेदों के चलते किसी व्यक्ति के दिवंगत माता-पिता अथवा परिवार के सदस्यों के प्रति अमर्यादित, अपमानजनक या गरिमा के प्रतिकूल भाषा का प्रयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक असहमति और राजनीतिक विरोध के बावजूद भाषा की मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है।
पटना में दिए गए कथित बयान पर जताई आपत्ति
प्रार्थना पत्र के अनुसार, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 25 अक्टूबर 2026 को बिहार की राजधानी पटना में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के संबंध में कथित तौर पर “मोदी का बाप भी जाएगा” जैसे शब्दों का प्रयोग किया। कमल भदौरिया ने दावा किया कि उक्त टिप्पणी सार्वजनिक मंच से की गई और इससे संबंधित वीडियो तथा समाचार भी सामने आए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार की कथित टिप्पणी न केवल राजनीतिक शिष्टाचार के विपरीत है, बल्कि इससे सामाजिक एवं राजनीतिक वातावरण भी प्रभावित हो सकता है। उन्होंने पुलिस से पूरे प्रकरण की जांच कर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
FIR दर्ज करने की मांग, राजनीतिक मर्यादा पर उठाए सवाल
कमल भदौरिया एडवोकेट ने अपने प्रार्थना पत्र में कहा कि यदि इस प्रकार के कथित अमर्यादित और अपमानजनक बयानों पर कानून के अनुसार कार्रवाई नहीं की जाती है, तो इससे अन्य राजनीतिक नेताओं को भी ऐसी भाषा का इस्तेमाल करने का प्रोत्साहन मिल सकता है। उन्होंने मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जाए तथा कानून के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार से मामले में हस्तक्षेप कर थाना कनखल में मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
भाजपा विधि प्रकोष्ठ के सहसंयोजक कमल भदौरिया एडवोकेट ने थाना कनखल में प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता पर कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर खड़गे के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की उठाई मांग, कहा—राजनीतिक मतभेदों में भी मर्यादा का पालन जरूरी













