हरिद्वार/भगवानपुर। चुड़ियाला भगवानपुर में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य कलश बंधन महारैली आस्था, सामाजिक समरसता और उत्साह का अद्भुत संगम बनी। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महारैली में शामिल होकर संत रविदास जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके बताए समता, भाईचारे और मानवता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि संत गुरु रविदास जी का जीवन समाज को समानता, सेवा और सद्भाव का संदेश देता है। उनकी शिक्षाएं आज भी सामाजिक एकता और समरसता की प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संतों और महापुरुषों की विरासत को आगे बढ़ाने तथा सामाजिक सौहार्द को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
महारैली में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धा और भक्ति से सराबोर इस आयोजन में जयघोषों के बीच निकली कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से ओतप्रोत कर दिया।
संत रविदास के समता-संदेश से गूंजा चुड़ियाला भगवानपुर, मुख्यमंत्री धामी ने कलश बंधन महारैली में की सहभागिता










