भूपतवाला में गूंजा राम नाम: श्री राम कथा में उमड़ा आस्था का सैलाब, कथा श्रवण कर भाव-विभोर हुए श्रद्धालु


हरिद्वार, कमल शर्मा/भूपतवाला स्थित आस्था धाम धर्मशाला, निकट मंडी गोबिंदगढ़ में आयोजित श्री राम कथा इन दिनों श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनी हुई है। स्वर्गीय श्रीमती निर्मला देवी पत्नी स्वर्गीय श्री देवकीनंदन सिंघल की पुण्य स्मृति में एकल परिवार महागोरा वाले, खैर अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) द्वारा आयोजित यह भव्य एवं दिव्य कथा श्रद्धालुओं के लिए आस्था का अद्भुत संगम साबित हो रही है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंचकर प्रभु श्रीराम की अमृतमयी कथा का रसपान कर रहे हैं।
कथा व्यास परम श्रद्धेय श्री सतीश शंकर मधुप जी महाराज ने अपने ओजस्वी एवं मधुर प्रवचनों में भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, त्याग, प्रेम और धर्म की भावपूर्ण व्याख्या करते हुए श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने कहा कि श्री राम कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाली दिव्य गंगा है। प्रभु श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य, धर्म और मर्यादा का साथ कभी नहीं छोड़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिस घर में राम नाम का स्मरण और कथा का श्रवण होता है, वहां सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है। माता-पिता की सेवा, गुरु का सम्मान और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन ही सच्चा धर्म है। कथा के दौरान प्रस्तुत भजनों और राम नाम संकीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु जय श्रीराम के उद्घोष के साथ भक्ति रस में डूबे नजर आए।
इस अवसर पर श्रीमती कमलेश देवी, श्रीमती आशा देवी, उषा गोयल, श्रीमती सुधा गोयल, सुभाष चंद्र सिंघल, मुकेश अग्रवाल, राजेश कुमार सिंघल, विपिन कुमार सिंघल, हरीमन अग्रवाल, श्याम अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, गुरमुख चंद अग्रवाल, सागर सिंघल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए सुंदर व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे कथा स्थल पर आने वाले भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *