संत परंपरा के दिव्य आलोक में मना पूज्य स्वामी रामेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज का अवतरण दिवस, मदन कौशिक व विधायक आदेश चौहान ने दी शुभकामनाएं
हरिद्वार। कनखल संन्यास रोड स्थित रामेश्वर आश्रम में अनंत श्री विभूषित श्रीमद् परमहंस 1008 महामंडलेश्वर बाल संत आचार्य स्वामी श्री रामेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज का अवतरण दिवस बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं और भक्तों ने महाराज श्री के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। पूरा आश्रम भक्ति, आध्यात्म और संत महिमा के जयघोषों से गुंजायमान रहा।

कार्यक्रम में धार्मिक अनुष्ठान, पूजन, भजन-कीर्तन एवं संत सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भक्तों ने महाराज श्री को पुष्पमालाएं अर्पित कर जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने महाराज श्री को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि,“पूज्य स्वामी रामेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज आध्यात्म, सेवा और सनातन संस्कृति के संवाहक हैं। उनके सानिध्य से समाज को सकारात्मक दिशा और आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त होती है।

उनका जीवन जनकल्याण और धर्म रक्षा के लिए समर्पित है।”
वहीं उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने अपने संदेश में कहा कि,“पूज्य महाराज श्री का आशीर्वाद समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके मार्गदर्शन में सनातन संस्कृति और धार्मिक चेतना निरंतर मजबूत हो रही है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।”

अवतरण दिवस के अवसर पर स्वामी श्री रामेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज ने सभी भक्तों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि,
“मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य सेवा, साधना और संस्कारों के मार्ग पर चलना है। धर्म और मानवता की रक्षा ही सच्ची साधना है। सभी को प्रेम, सद्भाव और संस्कारों के साथ जीवन जीना चाहिए।”
इस दौरान संत-महात्मा, सामाजिक कार्यकर्ता, श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आश्रम में उत्सव जैसा वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।



