उत्तरांचल पंजाबी महासभा द्वारा 14 अगस्त को प्रेम नगर आश्रम में मनाया जाएगा ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे मुख्य अतिथि


हरिद्वार(कमल शर्मा)उत्तरांचल पंजाबी महासभा की ओर से 14 अगस्त को प्रेम नगर आश्रम में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विभाजन की त्रासदी में अपने प्राणों की आहुति देने वाले लाखों लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में उत्तरांचल पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष करण मल्होत्रा एवं जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि यह दिवस देश विभाजन की पीड़ा झेलने वाले लाखों परिवारों के दर्द, संघर्ष और बलिदान को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।
कोर कमेटी के सदस्य सुनील अरोड़ा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य भारत विभाजन की त्रासदी को स्मरण करना, उस दौर में शहीद हुए लाखों लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा नई पीढ़ी को इतिहास और अपने पूर्वजों के संघर्ष से अवगत कराना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ गंगा पूजन एवं दीपदान से होगा, जिसके बाद विभाजन के दौरान शहीद हुए लोगों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा और अरदास आयोजित की जाएगी।
जिला महामंत्री राम अरोड़ा एवं प्रदीप कालरा ने संयुक्त रूप से अधिक से अधिक लोगों से 14 अगस्त को इस पुण्य आयोजन में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि विभाजन की विभीषिका आज भी करोड़ों लोगों की स्मृतियों में जीवंत है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपने संस्कारों, संस्कृति और इतिहास से परिचित कराना समय की आवश्यकता है।
समाजसेवी जगदीशलाल पाहवा ने कहा कि देश विभाजन के दौरान धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए लाखों लोगों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। ऐसे महान बलिदानों को याद रखना और आने वाली पीढ़ियों तक उनकी गाथा पहुंचाना हम सभी का नैतिक दायित्व है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *