सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर हर की पौड़ी पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब,सुरक्षा व्यवस्था का जिलाधिकारी व एसएसपी ने लिया जायजा

हरिद्वार (कमल शर्मा)। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालु गंगा स्नान एवं पूजा-अर्चना के लिए हर की पौड़ी सहित विभिन्न घाटों पर पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आया।
सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी हरिद्वार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने जनपद मुख्यालय से शहर क्षेत्र के लिए प्रस्थान कर हर की पौड़ी एवं आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण किया तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, घाटों पर सुरक्षा तथा आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों का गहनता से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हर की पौड़ी क्षेत्र में पुलिस, पीएसी, जल पुलिस एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवानों को तैनात किया गया है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों एवं कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की सतत निगरानी की जा रही है।
सोमवती अमावस्या के अवसर पर हरिद्वार में श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। गंगा तट पर श्रद्धालुओं ने स्नान कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि तथा देश की खुशहाली की कामना की। प्रशासन द्वारा की गई व्यापक व्यवस्थाओं के चलते स्नान पर्व शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *