गंगा दशहरा पर्व पर स्व. श्री गुरु मोती महंत सेवा आश्रम का पंचम वार्षिक महोत्सव सम्पन्न, संतों के आशीर्वाद से गूंजा भूपतवाला

हरिद्वार,(कमल शर्मा) भूपतवाला स्थित स्व. श्री गुरु मोती महंत सेवा आश्रम में आयोजित पंचम वार्षिक महोत्सव एवं परिक्रमा समारोह बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं भक्तों ने भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में जय भौचरा माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थापक महामंडलेश्वर श्री उर्मिला नंद गिरि जी महाराज ने की। उन्होंने अपने आशीर्वचन में कहा कि माँ गंगा केवल एक नदी नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और संस्कृति की पहचान हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से गंगा की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी भक्त प्रशासन का सहयोग करें और हरिद्वार की धार्मिक गरिमा को बनाए रखें।महोत्सव के अंतर्गत परिक्रमा समारोह एवं पूजन कार्यक्रम विधि-विधान के साथ सम्पन्न कराया गया। आश्रम परिसर में भजन-कीर्तन, संत प्रवचन और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु देर तक भक्ति रस में डूबे रहे। कार्यक्रम में उपस्थित संतों एवं श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण, पर्यावरण संरक्षण और मानव सेवा का संकल्प लिया।इस अवसर पर आश्रम प्रबंधक श्री सुनिल कुमार तवर ने सभी श्रद्धालुओं, संतों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आश्रम निरंतर धर्म, सेवा और मानव कल्याण के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा। उन्होंने लोगों से प्रति वर्ष कम से कम पाँच वृक्ष लगाने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील भी की।कार्यक्रम के सफल आयोजन में आश्रम परिवार एवं क्षेत्रीय श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *