ज्येष्ठ पूर्णिमा पर हरिहर आश्रम में उमड़ा श्रद्धा का सागर, मुंबई से पहुंचीं रीटा कौल ने किया गंगा पूजन


हरिद्वार (कमल शर्मा)। कनखल स्थित हरिहर आश्रम में ज्येष्ठ पूर्णिमा का पावन उत्सव जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर एवं आचार्य पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि के सान्निध्य में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचे और गंगा तट पर विशेष पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ अर्जित किया।


उत्सव के दौरान मुंबई से पधारी महाराज श्री की शिष्या रीटा कौल ने भी मां गंगा के तट पर विधि-विधान से पूजन कर विश्व कल्याण एवं सुख-समृद्धि की कामना की। हरिहर आश्रम का वातावरण वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज ने कहा, “पूर्णिमा का पर्व आत्मशुद्धि, साधना और ईश्वर के प्रति समर्पण का संदेश देता है। मां गंगा की आराधना से मनुष्य के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा जीवन में आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।”
वहीं मुंबई से आईं शिष्या रीटा कौल ने कहा, “हरिहर आश्रम में ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर गंगा पूजन करना मेरे लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। गुरुदेव के सान्निध्य में प्राप्त आध्यात्मिक ऊर्जा और आशीर्वाद जीवन को नई दिशा प्रदान करता है।”
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा गंगा तट पर दीप अर्पित कर धर्म, संस्कृति और सनातन परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। ज्येष्ठ पूर्णिमा के इस दिव्य आयोजन ने श्रद्धालुओं के मन को भक्ति और आध्यात्मिकता से सराबोर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *