देहरादून(कमल शर्मा)1 जुलाई। भारतीय किसान यूनियन (वेलफेयर फाउंडेशन) ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए देहरादून निवासी श्री चिरंजीव सहगल को राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि पद पर मनोनीत किया है। संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा द्वारा जारी नियुक्ति प्रमाण-पत्र में उनसे किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्षरत रहकर संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त बनाने की अपेक्षा व्यक्त की गई है।

नियुक्ति के बाद संगठन के 32 राज्यों के राष्ट्रीय सलाहकार एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख बहादराबाद प्रियव्रत ने चिरंजीव सहगल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय किसान यूनियन (वेलफेयर फाउंडेशन) लगातार किसानों के हितों की लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि चिरंजीव सहगल अपने अनुभव, सक्रियता और संगठनात्मक क्षमता से किसानों की आवाज़ को और अधिक मजबूती देंगे तथा देशभर में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि चिरंजीव सहगल ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा तथा सरकार तक उनकी आवाज़ पहुंचाने के लिए वे पूरी ताकत के साथ कार्य करेंगे।

संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा के नेतृत्व में किसानों के हितों की रक्षा और संगठन के विस्तार के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि चिरंजीव सहगल की नियुक्ति से भारतीय किसान यूनियन (वेलफेयर फाउंडेशन) को नई ऊर्जा मिलेगी और किसानों के हितों से जुड़े जनआंदोलनों को और अधिक मजबूती प्राप्त होगी।





