हरिद्वार(कमल शर्मा)मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में ऋषिकुल स्थित कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, त्रुटिरहित और निष्पक्ष बनाने के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतंत्र को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का सहयोग करें और घर-घर जाकर मतदाताओं को जागरूक बनाएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए।
उन्होंने कहा कि पार्षद और पार्टी पदाधिकारी अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभाते हुए मतदाताओं की हर संभव सहायता करें तथा यह सुनिश्चित करें कि मतदाता सूची में केवल वास्तविक और पात्र मतदाताओं के नाम ही शामिल हों।
बैठक में कांग्रेस नेताओं मनोज सैनी एवं रवीश भटीजा ने कहा कि मतदाता गणना प्रपत्र भरवाने में बीएलओ का सहयोग करना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को फर्जी मतदाताओं की पहचान पर विशेष ध्यान देने और किसी भी प्रकार के दबाव से मुक्त रहकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने का संदेश दिया।
वहीं संजय सैनी, दीपक टंडन और विकास चंद्रा ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में पूरी जिम्मेदारी और संयम के साथ भाग लें। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार के विवाद से बचते हुए निष्पक्षता के साथ कार्य किया जाए तथा संदिग्ध और फर्जी नामों पर विशेष नजर रखी जाए।
बैठक में विशेष प्रशिक्षक अहमद शमशाद ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं और उनके समाधान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जागरूकता, समन्वय और सतर्कता के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाया जा सकता है।
बैठक में सागर बेनीवाल, विशाल प्रधान, समर्थ अग्रवाल, सार्थक ठाकुर, कैलाश प्रधान, आशीष भारद्वाज, जतिन हांडा, उदित विद्याकुल, यश शर्मा, अमित गुप्ता, मनोज जाटव, उदय सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य संदेश रहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची आवश्यक है, और इसमें जनभागीदारी की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान में जुटी कांग्रेस, कार्यकर्ताओं को दिया घर-घर जागरूकता का मंत्र




