हरिद्वार (कमल शर्मा)। सन्यास रोड, कनखल स्थित संतोषी माता आश्रम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा और दिव्य आशीर्वाद का अनुपम संगम देखने को मिला। कथा व्यास के रूप में उपस्थित 1008 महामण्डलेश्वर पूज्य संतोषी माता जी महाराज के सानिध्य ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
आश्रम के भव्य सत्संग भवन में स्थापित माँ महिषासुरमर्दिनी की मनोहारी प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। कथा के दौरान महामण्डलेश्वर संतोषी माता जी ने धर्म, भक्ति और मानव कल्याण का संदेश देते हुए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पूर्व क्रिकेटर श्री प्रकाश जोशी ने महामण्डलेश्वर संतोषी माता जी से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने विगत माह आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं प्रदान कीं तथा धार्मिक और सामाजिक कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में चिकित्सा क्षेत्र के प्रतिभाशाली छात्र एवं सर्वप्रिय युवा यश पांडे भी उपस्थित रहे। दोनों ने महामण्डलेश्वर संतोषी माता जी का आशीर्वाद प्राप्त कर स्वयं को सौभाग्यशाली बताया।
महामण्डलेश्वर संतोषी माता जी की सरलता, सौम्यता और उदार व्यक्तित्व से अभिभूत श्रद्धालुओं ने कहा कि उनके सानिध्य में बिताया गया प्रत्येक क्षण आध्यात्मिक अनुभूति और आत्मिक शांति प्रदान करने वाला है। कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने धर्म, सेवा और संस्कारों के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।




