हरिद्वार। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के लेबर सेल उत्तराखंड द्वारा हरिद्वार में एक महत्वपूर्ण सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व लेबर सेल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश गिरी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल कुमार शेरवाल ने किया। सभा में सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष रमेश गिरी ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तराखंड में तेजी से अपना विस्तार कर रही है और आने वाले समय में प्रदेश की प्रमुख राजनीतिक शक्ति बनकर उभरेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी पूरी गंभीरता के साथ कर रही है। इसके तहत प्रदेश की विभिन्न विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ संभावित प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि पार्टी की संगठनात्मक संरचना लगभग पूरी हो चुकी है और ब्लॉक स्तर तक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठा रहे हैं। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनसंपर्क अभियान तेज करने तथा कार्यकर्ताओं में अनुशासन और एकजुटता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर बोलते हुए जिला अध्यक्ष अमित शर्मा ने बताया कि प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार के अभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पार्टी आम जनता की आवाज बनकर जन समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पार्टी को मजबूत बनाने और जनजागरूकता अभियान को तेज करने का संकल्प लिया।



