मुल्तान ज्योत महोत्सव में सेवा की ज्योति: दृष्टिबाधित बच्चों के बीच मुल्तान युवा संगठन के पदाधिकारियों ने बांटा स्नेह और जलपान

हरिद्वार(कमल शर्मा)मुल्तान युवा संगठन के तत्वावधान में आयोजित होने वाले मुल्तान ज्योत महोत्सव को लेकर नगर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। महोत्सव के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के साथ सामाजिक सेवा की गतिविधियां भी निरंतर संचालित की जा रही हैं।
इसी क्रम में मुल्तान युवा संगठन के प्रधान श्री कौशल गावरी एवं भीमगोड़ा व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्री अजय अरोड़ा ने अजर धाम पहुंचकर संस्थापक महंत श्री स्वामी स्वयंमानंद महाराज के पावन सानिध्य में दृष्टिबाधित बच्चों के बीच नाश्ता, चाय-पानी एवं जलपान की सेवा की। इस दौरान बच्चों को चिप्स, बिस्कुट सहित पौष्टिक नाश्ता वितरित किया गया। सेवा पाकर बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान ने पूरे वातावरण को भावुक और आत्मीय बना दिया।


कार्यक्रम के दौरान संगठन के प्रधान श्री कौशल गावरी ने कहा कि मुल्तान ज्योत महोत्सव का उद्देश्य केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाना ही नहीं, बल्कि समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों तक सेवा का भाव पहुंचाना भी है। सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज में आपसी भाईचारा, समरसता और सहयोग की भावना को मजबूत किया जा रहा है।


महंत स्वामी स्वयंमानंद महाराज ने सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि सेवा ही सच्ची साधना है। जरूरतमंदों की सहायता और उनके जीवन में खुशियां लाने वाले कार्य समाज को नई दिशा देते हैं तथा ऐसे पुण्य कार्यों से सामाजिक समरसता मजबूत होती है।

श्री अजय अरोड़ा ने कहा कि “हमारा लक्ष्य है कि समाज के हर वर्ग तक मदद पहुंचे। दृष्टिबाधित बच्चों के चेहरे पर आई मुस्कान ही हमारे लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है।” उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों की सार्थकता तभी है, जब उनके साथ सेवा और मानवता का संदेश भी समाज तक पहुंचे।

मुल्तान ज्योत महोत्सव प्रत्येक वर्ष श्रद्धा, आस्था और सेवा भावना के साथ आयोजित किया जाता है। महोत्सव में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सामाजिक सेवा गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया जाता है।

इस अवसर पर वरिष्ठजन, युवा संगठन के सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। युवाओं ने दृष्टिबाधित बच्चों के साथ आत्मीय संवाद किया और उनके अनुभव भी साझा किए। वरिष्ठ सदस्यों ने युवाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक सेवा के कार्यों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी समाज के लिए सकारात्मक संदेश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *