हिमालयन एमएसएमई एक्सपो के दूसरे दिन शनिवार को छात्रों और युवाओं में खासा उत्साह


रोजगार देने वाला बने युवा, एमएसएमई से आत्मनिर्भरता को मिलेगी नई रफ्तार : आदेश चौहान


हरिद्वार(कमल शर्मा)22 अगस्त। प्रेमनगर आश्रम में आयोजित चार दिवसीय हिमालयन एमएसएमई एक्सपो के दूसरे दिन शनिवार को छात्रों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने एक्सपो का भ्रमण कर विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा कृषि एवं बागवानी से जुड़े उत्पादों की जानकारी ली।


विभिन्न शिक्षण संस्थानों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने भी एक्सपो में लगे स्टॉलों का भ्रमण कर ऑर्गेनिक उत्पादों, आधुनिक कृषि तकनीक, हॉर्टिकल्चर, स्टार्टअप और एमएसएमई के क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को समझा। तेलंगाना के फल-फूल से तैयार उत्पाद और सिक्किम के ऑर्गेनिक उत्पादों से बने शरबत समेत देश के विभिन्न राज्यों के उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे।


वाइब्रेंट उत्तराखंड के तत्वावधान में भारती मीडिया एंड इवेंट प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आयोजित इस एक्सपो में 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के साथ देश के विभिन्न राज्यों के कृषि एवं हॉर्टिकल्चर विभागों तथा कंपनियों के उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि इस तरह के आयोजन स्थानीय उत्पादों, कारीगरों, किसानों और छोटे उद्यमियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराने का काम करते हैं। एमएसएमई क्षेत्र रोजगार सृजन के साथ देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे केवल नौकरी तलाशने वाले न बनें, बल्कि रोजगार देने वाले उद्यमी बनने की दिशा में भी आगे बढ़ें।


आयोजक भारत बालियान ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। छोटे उद्योग स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय संसाधनों और उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हिमालयन एमएसएमई एक्सपो का उद्देश्य देश के अलग-अलग हिस्सों के उद्यमियों, किसानों, उत्पादकों और खरीदारों को एक मंच पर लाना है। युवाओं को सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों की ओर आकर्षित कर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। एक्सपो में दूसरे दिन छात्रों की सक्रिय भागीदारी ने यह संकेत दिया कि नई पीढ़ी कृषि, ऑर्गेनिक उत्पाद और स्टार्टअप के क्षेत्र में नए अवसर तलाशने के लिए उत्साहित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *