हरिद्वार(कमल शर्मा)टीबड़ी फाटक के समीप स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्थान से पहुंचे कांग्रेस सह प्रभारी उत्तराखंड अनुसूचित विभाग के श्री रूप सिंह का पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी महेश प्रताप राणा के निवास स्थान पर भी उनका स्वागत-सत्कार किया गया।

बैठक में प्रदेश के विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से मतदाता सूची में कथित हेराफेरी, असामाजिक तत्वों द्वारा जमीनों पर अवैध कब्जे, आम जनता के हितों की अनदेखी तथा प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस नेताओं ने चिंता व्यक्त की। इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में अनुसूचित समाज की सक्रिय भागीदारी और कांग्रेस को पूर्ण सहयोग दिलाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।

कांग्रेस सह प्रभारी उत्तराखंड अनुसूचित विभाग श्री रूप सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का मत उसकी सबसे बड़ी ताकत है। मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या वोट के अधिकार से खिलवाड़ लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। कांग्रेस पार्टी आमजन के अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि अनुसूचित समाज को अपने अधिकारों, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी के प्रति जागरूक रहना होगा। आगामी चुनाव में समाज की एकजुटता कांग्रेस को नई मजबूती प्रदान करेगी।

कांग्रेस के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी महेश प्रताप राणा ने कहा कि आज प्रदेश में आम जनता जमीनों पर अवैध कब्जों, भ्रष्टाचार और अपने अधिकारों की अनदेखी जैसी समस्याओं से जूझ रही है। जनता के हितों को सर्वोपरि रखना ही राजनीति का वास्तविक उद्देश्य होना चाहिए। कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीब, मजदूर, किसान और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती आई है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित समाज सहित सभी वर्गों को साथ लेकर आगामी चुनाव में कांग्रेस को मजबूत करने का काम किया जाएगा।

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं भेल रानीपुर विधानसभा से तेलूराम प्रधान ने कहा कि कांग्रेस संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता और समाज के सभी वर्गों की एकजुटता है। अनुसूचित समाज ने हमेशा लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाए और भ्रष्टाचार, अन्याय तथा जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष किया जाए। आगामी चुनाव में अनुसूचित समाज की भागीदारी कांग्रेस की मजबूती का आधार बनेगी।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. एसपी बावरा, जिला अध्यक्ष तीर्थपाल रवि, महेश प्रताप राणा, तेलूराम प्रधान, दविश भटीजा, सीपी सिंह, सुनील पार्षद, अरुण चौहान, नितिन देशभर, मनोज जाटव सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और आगामी चुनाव में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प व्यक्त किया।













