जिला आर्य प्रतिनिधि सभा की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय, डॉ. संजील आर्य बोले— वैदिक संस्कृति के प्रचार-प्रसार को मिलेगा नया विस्तार

गुरुकुलों के विस्तार और महिला सशक्तिकरण पर आर्य समाज का बड़ा संकल्प

हरिद्वार,(कमल शर्मा)5 जुलाई। जिला आर्य प्रतिनिधि सभा हरिद्वार की आम बैठक कनखल स्थित संदीपनी वेदविद्या कुलम, श्री गंगाधाम आश्रम में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विशाल यज्ञ के साथ संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी ने की तथा संचालन डॉ. संजील आर्य ने किया।


बैठक से पूर्व आयोजित वृहत यज्ञ में मुख्य यजमान के रूप में प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी उपस्थित रहे। यज्ञ का संचालन ब्रह्मचारी अर्जुन ने किया।

वैदिक अनुष्ठान में डॉ. संदीप वेदालंकार (प्रोफेसर, गुरुकुल कांगड़ी), डॉ. इंदु वाला आर्य (प्रदेश संयोजिका), वासु ब्रह्मचारी, अमन, धर्मवीर आर्य, दिनेश जी सहित अनेक आर्यजन शामिल हुए।


बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. संजील आर्य ने कहा कि वैदिक संस्कृति और आर्य समाज के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अधिक से अधिक गुरुकुलों की स्थापना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि निष्क्रिय आर्य समाजों को पुनः सक्रिय किया जाएगा, नई आर्य समाजों का गठन होगा तथा आर्यवीर दल का विस्तार कर युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ा जाएगा।


प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी ने कहा कि आर्य समाज केवल धार्मिक संगठन नहीं बल्कि सामाजिक जागरण का आंदोलन है। उन्होंने शिक्षा, संस्कार और संगठन की मजबूती पर बल देते हुए सभी आर्य समाजों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।


प्रदेश संयोजिका डॉ. इंदु वाला आर्य ने महिलाओं को वैदिक शिक्षा के साथ आत्मरक्षा एवं सशक्तिकरण से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि समय की मांग है कि महिलाओं के लिए भी सशस्त्र शिक्षा एवं प्रशिक्षण के अवसर विकसित किए जाएं, ताकि वे समाज में आत्मविश्वास के साथ नेतृत्व कर सकें।


डॉ. संदीप वेदालंकार ने कहा कि गुरुकुल भारतीय संस्कृति और वैदिक ज्ञान के सबसे मजबूत केंद्र हैं। उन्होंने युवाओं को संस्कारयुक्त शिक्षा से जोड़ने तथा नए गुरुकुलों की स्थापना के लिए समाज के सहयोग का आह्वान किया।


बैठक में गत बैठक की पुष्टि, प्रत्येक आर्य समाज में नए चुनाव कराने, निष्क्रिय समाजों में वार्षिकोत्सव आयोजित करने, नई आर्य समाजों का गठन, आर्यवीर दल के विस्तार तथा छठे वार्षिक जिला सम्मेलन की तिथि एवं कार्यक्रम निर्धारित करने सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए।

इस सुअवसर पर आर्य प्रधान हरपाल सिंह सैनी का जन्मोत्सव भी सभी पदाधिकारी और समस्त कार्यकर्ताओं ने शॉल ओढ़ाकर पुष्प गुच्छ भेंट कर बड़े धूमधाम से मनाया सभी ने सैनी जी को लंबी उम्र की शुभकामनाएं दी l

इस अवसर पर चौधरी जगपाल सिंह आर्य, टेकचंद आर्य, विनोद आर्य, ऋषिपाल आर्य, रविंद्र सैनी, पवन आर्य, डॉ. वीरेंद्र सैनी, एडवोकेट जितेंद्र सैनी, विजय पाल आर्य, खिले राम आर्य, भूपेंद्र आर्य, योगेंद्र चौहान, सुरेंद्र कुमार, गौतम शास्त्री सहित बड़ी संख्या में आर्य समाज के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के उपरांत सभी उपस्थित जनों के लिए आश्रम में प्रसाद एवं दोपहर भोजन की व्यवस्था की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *