हरिद्वार के आयुर्वेदाचार्य डॉ. धीरज शर्मा को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान, RSPH ने प्रदान की प्रतिष्ठित FRSPH फेलोशिप



हरिद्वार(कमल शर्मा)देवभूमि उत्तराखंड और आयुर्वेद जगत के लिए गौरव का क्षण है। हरिद्वार के वरिष्ठ एवं ख्यातिलब्ध आयुर्वेदाचार्य डॉ. धीरज शर्मा को स्वास्थ्य रक्षा, आयुर्वेद अनुसंधान एवं जन स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके दीर्घकालिक उत्कृष्ट योगदान, निरंतर शोध और समर्पित सेवाओं के लिए यूनाइटेड किंगडम की प्रतिष्ठित संस्था रॉयल सोसाइटी फॉर पब्लिक हेल्थ (RSPH) ने अपनी प्रतिष्ठित फेलोशिप (FRSPH) से सम्मानित किया है।


डॉ. धीरज शर्मा की इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर सिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष ठाकुर मनोज मनोजानंद ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि डॉ. शर्मा की उपलब्धि हरिद्वार के साथ-साथ उत्तराखंड और समूचे भारत के लिए गौरव की बात है।
1856 में स्थापित RSPH विश्व की प्राचीन एवं प्रतिष्ठित स्वतंत्र जन स्वास्थ्य संस्थाओं में से एक है। संस्था स्वास्थ्य नीतियों, रोगों की रोकथाम और जन स्वास्थ्य के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर कार्य करती है। इसकी फेलोशिप उन चुनिंदा विशेषज्ञों, चिकित्सकों और शोधकर्ताओं को प्रदान की जाती है, जिन्होंने जन स्वास्थ्य सुधार एवं चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया हो।
डॉ. धीरज शर्मा लंबे समय से आयुर्वेद के प्राचीन सिद्धांतों को आधुनिक जन स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों, निशुल्क चिकित्सा शिविरों, शोध कार्यों और जनसेवा के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया है।
अपनी उपलब्धि पर डॉ. धीरज शर्मा ने कहा कि विश्व की प्रतिष्ठित संस्था से फेलोशिप प्राप्त होना उनके लिए गर्व और विनम्रता का क्षण है। यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि भारतीय आयुर्वेद परंपरा और जन स्वास्थ्य सेवाओं को वैश्विक स्तर पर मिली मान्यता है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया आयुर्वेद और समग्र स्वास्थ्य के महत्व को स्वीकार कर रही है और यह सम्मान उन्हें मानव कल्याण के लिए और अधिक ऊर्जा एवं समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
डॉ. शर्मा को मिली इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि की खबर से हरिद्वार और उत्तराखंड के चिकित्सा एवं सामाजिक क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ चिकित्सकों, सामाजिक संगठनों, पतंजलि योगपीठ, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के विद्वानों तथा गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
डॉ. धीरज शर्मा की FRSPH फेलोशिप हरिद्वार की धरती से आयुर्वेद और जन स्वास्थ्य के क्षेत्र में विश्व पटल पर अंकित हुई एक गौरवशाली उपलब्धि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *