श्रद्धा, भक्ति और गुरु-स्मृति के संग संपन्न हुआ तीन दिवसीय तुलसी विवाह एवं गुरुजन स्मृति समारोह

महामंडलेश्वर स्वामी अरुण दास महाराज के सानिध्य में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, संत-महात्माओं के आशीर्वचनों से भक्तिमय हुआ स्वामी जगन्नाथ धाम


हरिद्वार। भीमगोडा स्थित स्वामी जगन्नाथ धाम में आयोजित तीन दिवसीय तुलसी विवाह एवं श्री गुरुजन स्मृति समारोह श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हो गया। 19 से 21 नवंबर 2026 तक आयोजित इस भव्य धार्मिक समारोह में संत-महात्माओं, धर्माचार्यों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
समारोह में साकेतवासी परम पूज्य स्वामी श्री जगन्नाथ जी महाराज एवं साकेतवासी परम पूज्य महंत श्री पूर्णदास जी महाराज की पावन स्मृति को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। वहीं परम पूज्य अनंत श्री विभूषित श्रीमज्जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी श्री हंसादेवाचार्य जी महाराज के पावन आशीर्वाद से आयोजन को आध्यात्मिक गरिमा प्राप्त हुई।


इस अवसर पर आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी अरुण दास जी महाराज ने कहा कि तुलसी विवाह भारतीय सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपरा और आस्था का अनुपम प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने के साथ-साथ नई पीढ़ी को धर्म एवं अध्यात्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। गुरुजन स्मृति समारोह का उद्देश्य अपने पूज्य गुरुओं के आदर्शों, त्याग, तपस्या और उनके द्वारा दिखाए गए आध्यात्मिक मार्ग को सदैव जीवंत रखना है।
इस अवसर पर बोलते हुए स्वामी देवानंद सरस्वती जी महाराज ने कहा कि गुरु ही शिष्य के जीवन को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान और धर्म के प्रकाश की ओर ले जाते हैं। वहीं कार्यक्रम का संचालन कर रहे स्वामी हरिहरानंद महाराज ने कहा कि गुरुजनों के प्रति श्रद्धा और उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

महामंडलेश्वर स्वामी अरुण दास महाराज ने समारोह में पधारे सभी संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संतों का सानिध्य और भक्तों की सहभागिता ही ऐसे आयोजनों की वास्तविक सफलता है।
तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों, तुलसी विवाह एवं गुरुजन स्मरण के माध्यम से पूरा आश्रम परिसर भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि तथा विश्व कल्याण की कामना की।


समारोह स्थल स्वामी जगन्नाथ धाम, भीमगोडा, हरिद्वार में स्वामी जगन्नाथ धाम ट्रस्ट की ओर से सभी तीर्थ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं का हार्दिक अभिनंदन किया गया। आयोजन में स्वर्गीय श्री रामेश्वर दयाल महावर एवं स्वर्गीय श्रीमती तरबीनी देवी महावर की स्मृति को भी सम्मानपूर्वक स्मरण किया गया।
तीन दिवसीय यह धार्मिक समारोह भक्ति, श्रद्धा और गुरु परंपरा के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *