डीपीएस रानीपुर की सुदीक्षा ने सीएम धामी को पोर्ट्रेट भेंटकर धर्मनगरी का बढ़ाया मान: मंच पर मौजूद थी अनेक दिग्गज हस्तियाँ

हरिद्वार। दिल्ली पब्लिक स्कूल, रानीपुर की कक्षा 12 की छात्रा न्यू शिवालिक नगर निवासी सुश्री सुदीक्षा सिह ने लेखक गाँव, थानों में चल रहे पाँच दिवसीय तृतीय अन्तर्राष्ट्रीय लेखक गाँव साहित्य, संस्कृति एवं कला महोत्सव-2026 के अन्तर्गत अटल सभागार में आयोजित ‘विमोचन, सम्मान एवं समापन सत्र’ में उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री श्री‌ पुष्कर सिंह धामी को उनका भव्य एवं आकर्षक चित्र (पोर्ट्रेट) भेंटकर अपने विद्यालय तथा धर्मनगरी हरिद्वार का मान बढ़ाया।
     इस अवसर पर मंच पर मुख्यमंत्री के साथ ही भारत के पूर्व शिक्षा मंत्री तथा प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ० रमेश पोखरियाल निशंक, केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टामटा, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि के कुलपति प्रो० प्रकाश पंत, स्पर्श हिमालय विवि के कुलाधिपति डाॅ० प्रदीप कुमार भारद्वाज, लेखक गाँव की निदेशक डाॅ० विदुषी निशंक, युवा चित्रकार सुदीक्षा सिंह की माँ श्रीमती कंचन प्रभा गौतम, चेतना पथ के संपादक व कवि अरुण कुमार पाठक उपस्थित थे। सुदीक्षा ने बताया कि उन्होंने इस चित्र को स्पर्श हिमालय विवि के सचिव बालकृष्ण चमोली जी की पहल पर तैयार किया था। कार्यक्रम के दौरान लगभग 60 से भी अधिक देशों के शिक्षाविद्, कलाकार तथा विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ उपस्थित थे।
      उल्लेखनीय है कि, इसके पूर्व तीन वर्ष पहले कक्षा नौ की छात्रा के रूप में उसकी एक पेंटिग का चयन केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, नई दिल्ली द्वारा ‘इन्सपायर’ कार्यक्रम के अन्तर्गत राष्ट्रीय स्तर पर चयनित की गयी थी। उस वर्ष यह सम्मान पाने वाली सुदीक्षा उत्तराखण्ड की तीसरी छात्रा थी। अभी हाल ही में डीपीएस, रानीपुर एमयूएन में इन्टरनेशनल प्रैस की कैरीकैचर कमेटी में ‘बैस्ट डेलीगेट’ के रूप में सम्मानित किया गया है। विभिन्न स्तरों पर अनेक चित्रकला प्रतियोगिताओं की विजेता व प्रतिभागी सुदीक्षा की माँ कवयित्री, प्रेरक वक्ता एवं आध्यात्मिक व सामाजिक लेखिका तथा चेतना पथ की सह सम्पादिका श्रीमती कंचन प्रभा गौतम ने बताया कि आगे चलकर वह कला और रचनात्मकता को ही अपना कैरियर बनाना चाहती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *