हरिद्वार (कमल शर्मा)। भूपतवाला स्थित श्री स्वामी देवानंद भारत भक्ति योग आश्रम (अमेरिकन आश्रम) की संपत्ति और प्रबंधन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आश्रम की भूमि, ट्रस्ट के गठन और प्रबंधन से जुड़े मामलों को लेकर प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान बाबा हठयोगी और उनके साथ मौजूद संतों ने गंभीर सवाल उठाए। इस दौरान आश्रम की प्रबंधक परमजीत कौर पर संपत्ति के संबंध में अनियमितताओं के आरोप लगाए गए।
स्वामी रामविशाल देव ने आरोप लगाया कि आश्रम की संपत्ति को खुर्द-बुर्द करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आश्रम की भूमि और प्रबंधन से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, बाबा हठयोगी ने इस पूरे प्रकरण पर विस्तार से बयान दिया l
तीन बीघा जमीन बिल्डर को देने का आरोप
प्रेसवार्ता के दौरान आश्रम की लगभग तीन बीघा जमीन बिल्डर अजय कुमार को देने का दावा भी किया गया। इसके साथ ही आश्रम की भूमि पर रेस्टोरेंट खोलने और संपत्ति को बेचने के प्रयासों को लेकर भी आरोप लगाए गए। बाबा हठयोगी की ओर से ट्रस्ट के गठन और आश्रम की संपत्ति के प्रबंधन को लेकर सवाल उठाए गए तथा कथित फर्जी ट्रस्ट के संबंध में कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी
आश्रम की संपत्ति और प्रबंधन पर निष्पक्ष जांच की मांग
फिलहाल, प्रेसवार्ता में लगाए गए आरोपों पर परमजीत कौर और ए.के. सोलंकी का पक्ष उपलब्ध नहीं है। उनका पक्ष सामने आने के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।













