नीड मिशन की AGM में ‘नेट जीरो’ लक्ष्य पर मंथन, देशभर में पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को मिलेगी नई गति
विज्ञान भारती के वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने सतत विकास की भावी रणनीति पर किया विचार-विमर्श
हरिद्वार (कमल शर्मा)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संबद्ध विज्ञान भारती (VIBHA) के आयाम नीड मिशन (NEED Mission) की वार्षिक साधारण बैठक (AGM) का सफल आयोजन किया गया। बैठक में देशभर से आए प्रतिनिधियों, वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों और उद्योग जगत से जुड़े विशेषज्ञों ने सहभागिता करते हुए सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। बैठक में इस वर्ष नीड मिशन के प्रमुख लक्ष्य के रूप में ‘नेट जीरो उत्सर्जन’ को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विज्ञान भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. शिव कुमार शर्मा जी उपस्थित रहे। वहीं, राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री श्री प्रवीण रामदास जी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता नीड मिशन की चेयरपर्सन एवं उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. तृप्ता ठाकुर जी ने की। उन्होंने मिशन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए आगामी गतिविधियों और भविष्य की रणनीतियों पर प्रकाश डाला।
देशभर के प्रांतों ने प्रस्तुत की कार्यों की रिपोर्ट
बैठक में विभिन्न प्रांतों से आए अध्यक्षों एवं सह-संयोजकों ने अपने-अपने राज्यों में बीते वर्ष के दौरान संचालित गतिविधियों, उपलब्धियों और कार्ययोजनाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में किए गए प्रयासों की समीक्षा के साथ ही आगामी कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई।
उत्तराखंड प्रांत की ओर से संयोजक प्रोफेसर कमल पांडे जी तथा सह-संयोजक डॉ. सुनीता विद्यार्थी जी ने प्रतिनिधित्व किया। दोनों ने प्रदेश में नीड मिशन के अंतर्गत किए गए कार्यों की जानकारी साझा की। साथ ही भविष्य में प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए और मिशन की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की दिशा में विचार रखे।
‘नेट जीरो’ बनेगा मिशन की प्रमुख प्राथमिकता
बैठक का प्रमुख केंद्र पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में ‘नेट जीरो उत्सर्जन’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाना रहा। इस दिशा में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की के सहयोग से पहले ही एक सफल कॉन्फ्रेंस आयोजित की जा चुकी है। अब इस पहल को देशव्यापी स्वरूप देने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
इसके अंतर्गत उद्योग जगत, शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थानों और विज्ञान भारती के वैज्ञानिक समुदाय को एक मंच पर लाकर सामूहिक रूप से कार्य करने की रणनीति तैयार की जा रही है। उद्देश्य है कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तकनीकी नवाचार और उद्योगों की सहभागिता के माध्यम से पर्यावरण के अनुकूल विकास को प्रोत्साहित किया जाए तथा नेट जीरो के लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।
बैठक में इस बात पर बल दिया गया कि पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए वैज्ञानिक संस्थानों, उद्योगों और शिक्षाविदों के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। नीड मिशन की आगामी गतिविधियों में इस समन्वय को और मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस अवसर पर उत्तराखंड प्रांत के सचिव श्री नरेंद्र सिंह जी के योगदान एवं सहयोग के लिए विशेष धन्यवाद व्यक्त किया गया। बैठक को नीड मिशन की भावी योजनाओं को गति देने, विभिन्न प्रांतों के बीच समन्वय मजबूत करने तथा देशभर में पर्यावरण संरक्षण और नेट जीरो के लक्ष्य को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना गयाl
नीड मिशन की AGM में ‘नेट जीरो’ लक्ष्य पर मंथन, देशभर में पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को मिलेगी नई गति













