महर्षि कश्यप एवं सिद्ध कालू बाबा जी के पूजन के साथ होगा आयोजन, समाज की एकता और उत्थान पर होगा मंथन
हरिद्वार (कमल शर्मा)। श्री कश्यप समाज आश्रम समिति हरिद्वार की ओर से सृष्टि रचियता महर्षि कश्यप एवं सिद्ध कालू बाबा जी की पावन स्मृति में 36वां वार्षिक सम्मेलन आज शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 को श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 10 बजे आयोजित होगा, जिसमें कश्यप समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।

सम्मेलन को लेकर समाज के लोगों में विशेष उत्साह है। कार्यक्रम में महर्षि कश्यप एवं सिद्ध कालू बाबा जी का पूजन-अर्चन कर समाज की सुख-समृद्धि एवं उन्नति की कामना की जाएगी। इसके साथ ही समाज की एकता, शिक्षा, सामाजिक उत्थान और युवा पीढ़ी को आगे बढ़ाने सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
कश्यप समाज के प्रधान बुद्ध सिंह जी ने कहा कि महर्षि कश्यप हमारे समाज की आस्था और गौरव के प्रतीक हैं। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज को संगठित और मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज की तरक्की तभी संभव है, जब सभी लोग आपसी भाईचारे और एकजुटता के साथ आगे बढ़ें।

बुद्ध सिंह जी ने कहा कि “आज का समय समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को शिक्षा एवं संस्कारों से मजबूत बनाने का है। हमारा प्रयास है कि कश्यप समाज का प्रत्येक परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े और समाज के बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करें।”
उन्होंने समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि वार्षिक सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एक मंच पर लाने और भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
श्री कश्यप समाज आश्रम समिति की ओर से सम्मेलन के अवसर पर समाज के लोगों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।













