व्यापारियों की समस्याओं पर शहर व्यापार मंडल अध्यक्ष विपिन गुप्ता ने उठाई आवाज
जीएसटी, खाद्य सुरक्षा, आयकर और नगर निगम से जुड़ी समस्याओं को लेकर व्यापार मंडल गंभीर—व्यापार हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं
हरिद्वार (कमल शर्मा)। शहर व्यापार मंडल अध्यक्ष विपिन गुप्ता ने कहा कि व्यापारियों के सामने लगातार विभिन्न प्रकार की समस्याएं सामने आ रही हैं। इन समस्याओं के समाधान तथा व्यापारियों के हितों की रक्षा को लेकर शहर व्यापार मंडल लगातार गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जीएसटी विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग, आयकर विभाग, नगर निगम सहित अन्य संबंधित विभागों से जुड़ी समस्याओं और विभागीय कार्यवाही को लेकर व्यापारियों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया जा रहा है।
विपिन गुप्ता ने कहा कि व्यापारी सरकार के राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान देता है, इसलिए व्यापारियों के साथ विभागीय कार्रवाई के दौरान नियमों का पालन करने के साथ-साथ मानवीय और व्यावहारिक दृष्टिकोण भी अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यापारी को अनावश्यक रूप से परेशान करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि जीएसटी विभाग से संबंधित नोटिस, जांच और अन्य प्रक्रियाओं में व्यापारियों को स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि छोटे और मध्यम व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इसी प्रकार खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई में भी व्यापारियों को नियमों की जानकारी देने और जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जाना चाहिए।
शहर व्यापार मंडल अध्यक्ष ने कहा कि आयकर विभाग से संबंधित प्रक्रियाओं को लेकर भी व्यापारियों में कई तरह की व्यावहारिक दिक्कतें सामने आती हैं। इनका समाधान संवाद और समन्वय के माध्यम से किया जाना चाहिए। उन्होंने नगर निगम से जुड़े विषयों पर कहा कि व्यापारिक क्षेत्रों में सफाई, अतिक्रमण, पार्किंग, कूड़ा निस्तारण, लाइसेंस एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान होना आवश्यक है।
विपिन गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि व्यापारी नियमों और कानूनों का पालन करने के लिए तैयार हैं, लेकिन विभागीय कार्रवाई निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमानुसार होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को केवल शिकायत के रूप में नहीं बल्कि शहर की अर्थव्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विषय के रूप में देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार के व्यापारी शहर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। तीर्थनगरी में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में व्यापारी वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में व्यापारियों को सुविधाजनक और सकारात्मक माहौल उपलब्ध कराना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।
शहर व्यापार मंडल अध्यक्ष ने कहा कि व्यापारियों के हितों से जुड़े मामलों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ संवाद स्थापित किया जाएगा और जहां भी आवश्यक होगा, व्यापारियों की समस्याओं को मजबूती से उठाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल व्यापारियों के अधिकारों और हितों की आवाज को लगातार मजबूती से उठाता रहेगा।













