गौसेवा को मिलेगा स्थायी आर्थिक संबल, मुख्यमंत्री धामी ने किया ‘कामधेनु लोक’ का भव्य लोकार्पण, 11 गोवंश से शुरू हुआ सेवा का सफर आज 35 हजार से अधिक गोवंश तक पहुंचा, पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से चल रही सेवा



11 गोवंश से शुरू हुआ सेवा का सफर आज 35 हजार से अधिक गोवंश तक पहुंचा, पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से चल रही सेवा
हरिद्वार (कमल शर्मा)। धर्मनगरी हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में गुरुवार को आध्यात्मिकता, गौसंरक्षण और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगा तट पर नवनिर्मित आध्यात्मिक धर्मशाला ‘कामधेनु लोक’ का भव्य लोकार्पण किया। श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला से जुड़ी इस धर्मशाला की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इससे होने वाली आय गौमाता के संरक्षण, संवर्धन और जरूरतमंदों की सेवा में खर्च की जाएगी। इस पहल को गौसेवा के लिए स्थायी आर्थिक आधार तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


लोकार्पण समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, प्रीतम सिंह पंवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गौमाता का स्थान अत्यंत पूजनीय है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक जीवन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला जिस समर्पण और सेवाभाव से निराश्रित गोवंश की सेवा कर रही है, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि कामधेनु लोक गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक पर्यटन के समन्वय का अनुकरणीय उदाहरण बनेगा। साथ ही वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले से पहले हरिद्वार की आध्यात्मिक पहचान को और अधिक समृद्ध करेगा।
11 गोवंश से 35 हजार से अधिक गोवंश तक पहुंचा सेवा का कारवां
श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की सेवा यात्रा अपने आप में प्रेरणादायक मिसाल है। वर्ष 2010 में महज 11 गोवंश के संरक्षण से शुरू हुई संस्था आज पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक गोवंश को आजीवन आश्रय, भोजन और उपचार उपलब्ध करा रही है। हरिद्वार में भी संस्था हजारों निराश्रित, घायल, वृद्ध और बीमार गोवंश की सेवा कर रही है। इनमें बड़ी संख्या में नंदी भी शामिल हैं।
संस्था की पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एंबुलेंस अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को दुर्घटनाओं और विपरीत परिस्थितियों से बचाकर सुरक्षित आश्रय तक पहुंचा चुकी हैं। गौसेवा के साथ संस्था मानव सेवा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन कराया जाता है तथा जरूरतमंद परिवारों को राशन और चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है।
गौसेवा के लिए कामधेनु लोक बनेगा आर्थिक संबल
कामधेनु लोक के संचालन की जिम्मेदारी संतों ने दिल्ली निवासी गौतम सरदाना को सौंपी है। लोकार्पण अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भगत सिंह कोश्यारी ने गौतम सरदाना एवं उनकी पत्नी सिद्धि सरदाना के गौसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की।
गौतम सरदाना एवं सिद्धि सरदाना ने कहा कि श्री भागीरथी धाम के संत और ब्रह्मचारी वर्षों से गौमाता की रक्षा के लिए देशभर में सहयोग जुटाने का कार्य कर रहे हैं। ग्वालियर में आयोजित एक यज्ञ के दौरान उनके मन में संतों की इस सेवा यात्रा को आसान बनाने का विचार आया। संतों के आशीर्वाद और अनेक शुभचिंतकों के सहयोग से कामधेनु लोक का निर्माण संभव हो सका है।
उन्होंने कहा कि धर्मशाला से प्राप्त होने वाली आय उन सभी राज्यों में गौमाता की सेवा के लिए समर्पित की जाएगी, जहां संस्था गोवंश संरक्षण का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी सेवा किसी एक व्यक्ति के प्रयास से नहीं, बल्कि समाज के सामूहिक सहयोग और सहभागिता से आगे बढ़ती है।
16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को आश्रय दे रही सरकार
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश सरकार की गौसंरक्षण संबंधी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड में 72 पंजीकृत और नौ अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को आश्रय दिया जा रहा है। इसके अलावा प्रदेश में 63 स्थानों पर नई गौशालाओं के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है।
उन्होंने कहा कि गोवंश संरक्षण को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद और बायोगैस उत्पादन से जोड़कर किसानों की आय में वृद्धि की जा सकती है। इससे गौसंरक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
संतों और जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास जी महाराज, स्वामी आत्मानंद जी महाराज, स्वामी सच्चिदानंद साक्षी जी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी सोमेश्वरदास जी महाराज और स्वामी संजय महंत सहित अनेक संत-महात्मा उपस्थित रहे। हरिद्वार की महापौर किरण जैसल, रुड़की की महापौर अनीता अग्रवाल, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर और मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र सहित अनेक गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
गंगा तट पर आध्यात्मिक विश्राम और गौसेवा का संगम
सप्तऋषि क्षेत्र में गंगा तट पर स्थित कामधेनु लोक श्रद्धालुओं और साधकों को आध्यात्मिक वातावरण में ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराएगा। इसकी आय गौसेवा के कार्यों में समर्पित होगी। इस प्रकार कामधेनु लोक केवल एक धर्मशाला नहीं, बल्कि श्रद्धा, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व को जोड़ने वाली पहल के रूप में सामने आया है।
गौमाता के संरक्षण से लेकर भूखों को भोजन कराने तक, श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की सेवा गतिविधियां समाज के सामने सेवा और समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं। मुख्यमंत्री द्वारा कामधेनु लोक का लोकार्पण इस सेवा अभियान को नई दिशा और स्थायी आर्थिक मजबूती देने वाला महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *