संसदीय प्राक्कलन समिति ने किया बीएचईएल हरिद्वार का दौरा

हरिद्वार, 28 सितम्बर: माननीय संसदीय प्राक्कलन समिति ने अपने अध्ययन दौरे के क्रम में रविवार को, बीएचईएल हरिद्वार का दौरा किया। समिति के अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल के नेतृत्व में माननीय लोकसभा सांसदों ने बीएचईएल हरिद्वार की विनिर्माण प्रक्रियाओं, तकनीकी क्षमताओं तथा विभिन्न उत्पादन क्षेत्रों का अवलोकन किया। इस अवसर पर कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री के. सदाशिव मूर्ति तथा बीएचईएल हरिद्वार इकाई के कार्यपालक निदेशक श्री रंजन कुमार ने, सभी माननीय सांसदों का पारंपरिक स्वागत किया।

प्रभाग भ्रमण के दौरान अपने संबोधन में डॉ. संजय जायसवाल सहित समिति के अन्य सदस्यों ने, बीएचईएल हरिद्वार की तकनीकी विशेषज्ञता तथा यहां कार्यरत इंजीनियरों एवं कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। समिति के सदस्यों ने बीएचईएल द्वारा आधुनिकतम तकनीकों को अपनाने, अनुसंधान एवं विकास को बढ़ावा देने तथा बदलती राष्ट्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप, अपने उत्पादों एवं तकनीकी क्षमताओं को निरंतर उन्नत किए जाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी प्रशंसा की।

इस अवसर पर श्री के. सदाशिव मूर्ति ने समिति के सदस्यों को बीएचईएल की वर्तमान कार्यप्रणाली, तकनीकी क्षमताओं तथा देश की ऊर्जा एवं औद्योगिक आवश्यकताओं की पूर्ति में कंपनी के योगदान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्वदेशी तकनीक के विकास तथा उन्नत विनिर्माण क्षमताओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बीएचईएल द्वारा की जा रही विभिन्न पहलों से भी समिति को अवगत कराया। श्री रंजन कुमार ने बताया कि हरिद्वार इकाई ऊर्जा क्षेत्र के लिए जरूरी उपकरणों के निर्माण के साथ-साथ, रक्षा एवं एयरोस्पेस क्षेत्र में भी अपनी तकनीकी क्षमताओं का और विस्तार कर रही है ।

उल्लेखनीय है कि प्रभाग भ्रमण के दौरान माननीय समिति ने बीएचईएल हरिद्वार की विभिन्न विनिर्माण प्रक्रियाओं, आधुनिक तकनीकों तथा उत्पाद निर्माण से संबंधित गतिविधियों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। बीएचईएल के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा समिति के सदस्यों को संयंत्र की कार्यप्रणाली, उत्पादन क्षमता, प्रमुख उत्पादों, तकनीकी उपलब्धियों तथा भविष्य की योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

संसदीय प्राक्कलन समिति का यह दौरा ऊर्जा एवं रणनीतिक क्षेत्रों में देश की आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने तथा स्वदेशी तकनीकी एवं विनिर्माण क्षमताओं के विकास में, बीएचईएल की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है। इस अवसर पर बीएचईएल हरिद्वार के महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *