हरिद्वार। कल्कि धाम के परमाध्यक्ष एवं संत प्रमोद कृष्णम को कथित तौर पर धमकी दिए जाने के मामले को लेकर राष्ट्रीय व्यापार मंडल उत्तराखंड ने चिंता जताई है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर संत प्रमोद कृष्णम की सुरक्षा बढ़ाने तथा धमकी देने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
संजीव चौधरी ने कहा कि संत प्रमोद कृष्णम करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की आस्था से जुड़े हुए हैं। ऐसे में उन्हें धमकी दिया जाना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि देश में मजबूत सरकार है और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक एवं धर्म विरोधी तत्व देश में उन्माद और तनाव का माहौल पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे तत्वों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति संतों अथवा धार्मिक व्यक्तित्वों को धमकी देने का दुस्साहस न कर सके।
संजीव चौधरी ने केंद्रीय गृह मंत्री से मांग की कि संत प्रमोद कृष्णम की सुरक्षा की समीक्षा कर उसे और मजबूत किया जाए तथा धमकी देने वाले लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध निष्पक्ष एवं कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि संत समाज और देशवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। :::
प्रमोद कृष्णम की सुरक्षा बढ़ाई जाए, धमकी देने वालों पर हो कड़ी कार्रवाई : संजीव चौधरी













