शांति देवी महाराज की पुण्य स्मृति में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, हरमिलाप भवन में संत भंडारे व सत्संग से भक्त हुए भाव विभोर


हरिद्वार(कमल शर्मा)श्री श्री 1008 श्री शांति देवी जी महाराज (संस्थापिका, श्री प्रेम मंदिर, पानीपत) की पावन पुण्य स्मृति में हरिद्वार स्थित हरमिलाप भवन में श्रद्धा, भक्ति एवं सेवा भाव के साथ विशाल संत भंडारे एवं सत्संग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे संत-महात्माओं, गुरु प्रेमियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया तथा पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री हर मिलाप मिशन के परमाध्यक्ष श्री श्री 108 श्री मदन मोहन हरमिलापी जी महाराज ने की। अपने आशीर्वचन में उन्होंने कहा कि श्री शांति देवी जी महाराज का संपूर्ण जीवन सेवा, भक्ति, त्याग और मानव कल्याण को समर्पित रहा। उनके आदर्श और आध्यात्मिक संदेश आज भी समाज को प्रेम, सद्भाव और सेवा की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम का संचालन श्री हर मिलाप मिशन के प्रचारक प्रवीन सेठी ने किया। उन्होंने श्री शांति देवी जी महाराज के आध्यात्मिक जीवन, सेवा कार्यों और समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डालते हुए सभी श्रद्धालुओं से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी बताया कि श्री हर मिलाप मिशन, हरिद्वार का 119वां वार्षिक उत्सव 10 जुलाई से 12 जुलाई तक श्री श्री 108 श्री मदन मोहन हरमिलापी जी महाराज के सान्निध्य एवं अध्यक्षता में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर पानीपत से पधारी 108 श्री बहन कांत जी महाराज ने अपने प्रेरणादायी सत्संग एवं आध्यात्मिक प्रवचनों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। दूर-दराज़ से आए गुरु प्रेमियों एवं भक्तों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।
अंत में आयोजित संत भंडारे में संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर श्री शांति देवी जी महाराज को श्रद्धापूर्वक नमन किया। पूरे आयोजन के दौरान हरमिलाप भवन भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण से सराबोर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *