रवासन नदी पर झूला पुल की मांग को डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन का समर्थन, डीएम से तत्काल निर्माण की मांग


हरिद्वार(कमल शर्मा)ग्राम पंचायत रसूलपुर मीठीबेरी, लालढांग क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा रवासन नदी पर झूला पुल निर्माण की मांग को लेकर चलाए जा रहे शांतिपूर्ण धरने को डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन (रजि.), हरिद्वार ने अपना पूर्ण समर्थन दिया है। एसोसिएशन ने जिलाधिकारी हरिद्वार को पत्र भेजकर ग्रामीणों की समस्या का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है।
बार एसोसिएशन के सचिव विपिन चन्द्र द्विवेदी, एडवोकेट की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया कि रवासन नदी पर पुल नहीं होने के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में लंबे समय से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण जिला पंचायत सदस्य बृजमोहन पोखरियाल एवं ग्राम प्रधान कमलेश द्विवेदी के नेतृत्व में झूला पुल निर्माण की मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरना दे रहे हैं।


एसोसिएशन ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि यह क्षेत्र अनुसूचित जनजाति बाहुल्य है, जहां अनुसूचित जनजाति (बोक्सा) एवं अनुसूचित जाति के सैकड़ों परिवार निवास करते हैं। ऐसे में आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना जनहित एवं सामाजिक न्याय की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। पत्र में संविधान में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्गों के हितों और विकास के लिए किए गए विशेष प्रावधानों का भी उल्लेख किया गया है।
बार एसोसिएशन ने कहा कि ग्रामीणों की मांग पूरी तरह जनहित से जुड़ी हुई है और रवासन नदी पर झूला पुल बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की कि पुल निर्माण की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाते हुए संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि बार एसोसिएशन के सचिव विपिन चन्द्र द्विवेदी एडवोकेट का जन्मस्थान एवं पैतृक गांव रसूलपुर मीठीबेरी, लालढांग है। इसके अलावा जॉनी सैनी एडवोकेट, सुमति रतूड़ी एडवोकेट, अरबाज अंसारी एडवोकेट, मुसम्मीन अंसारी एडवोकेट एवं अराध्य पोखरियाल एडवोकेट सहित कई अधिवक्ताओं का भी इस क्षेत्र से जुड़ाव है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष जसमहेन्द्र सिंह एडवोकेट सहित पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *