हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विद्यालय शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन, हरिद्वार के वार्षिक चुनाव आज शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया में विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का समर्थकों एवं कर्मचारियों द्वारा फूलमालाओं के साथ भव्य स्वागत किया गया।
चुनाव में अध्यक्ष पद पर श्री रविकांत मलिक, सचिव पद पर फकीर चंद तथा कोषाध्यक्ष पद पर सज्जन सिंह निर्वाचित घोषित किए गए। चुनाव सम्पन्न होने के बाद पूरे परिसर में हर्षोल्लास का माहौल देखने को मिला।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री रविकांत मलिक ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एसोसिएशन कर्मचारियों के हितों, समस्याओं के समाधान एवं उनके सम्मान की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और सभी को साथ लेकर आगे बढ़ा जाएगा।
सचिव पद पर निर्वाचित फकीर चंद ने कहा कि कर्मचारियों और शिक्षकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाया जाएगा।
कोषाध्यक्ष बने सज्जन सिंह ने कहा कि एसोसिएशन की आर्थिक व्यवस्था को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाया जाएगा तथा सभी सदस्यों के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।
चुनाव सम्पन्न होने पर विद्यालय परिवार एवं कर्मचारियों ने नवनिर्वाचित टीम को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
गुरुकुल कांगड़ी वेलफेयर एसोसिएशन चुनाव सम्पन्न, नई टीम ने कर्मचारियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का लिया संकल्प



