सोनू कुमार बोले—माफी और मांगों पर ठोस निर्णय होने तक आंदोलन रहेगा जारी, कर्मचारियों ने नियमितीकरण व वेतन निर्धारण की उठाई मांग
हरिद्वार(कमल शर्मा)गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को नौवें दिन भी जारी रही। कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कुलसचिव कार्यालय प्रांगण में धरने पर बैठे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि कुलपति द्वारा एक कर्मचारी को कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्द कहे जाने से उनमें रोष है। कर्मचारियों ने संबंधित टिप्पणी पर माफी मांगने की मांग की है।

अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष सोनू कुमार ने कहा कि कर्मचारियों की मांगें लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने कहा कि 10 वर्ष से अधिक सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को नियमित किया जाए, जबकि सभी दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को फिक्स किया जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि 10 वर्ष से कम सेवा वाले कर्मचारियों के लिए 18 हजार रुपये प्रतिमाह का फिक्स वेतन निर्धारित किया जाए। सोनू कुमार ने कहा कि हड़ताल को नौ दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक मांगों का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। जब तक कर्मचारियों की मांगों पर ठोस निर्णय और कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर माफी नहीं मांगी जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। यह हड़ताल आगे कितने समय तक चलेगी, यह कहना संभव नहीं है।

हड़ताल को समर्थन देने पहुंचे प्रधान तेलूराम राम ने कहा कि सफाई कर्मचारी वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं और उनके श्रम एवं अधिकारों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों पर विश्वविद्यालय प्रशासन को गंभीरता से विचार करते हुए सम्मानजनक समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों के आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए कहा कि मांगों का बातचीत के माध्यम से शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है।
इस दौरान संजय सैनी, रविकांत मलिक, विद्यालय विभाग यूनियन अध्यक्ष, अनमोल बिरला, अध्यक्ष राष्ट्रीय दलित पिछड़ा वर्ग, संदीव कुमार, अजय दास महाराज सहित बड़ी संख्या में मजदूर एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। कर्मचारियों ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की और कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।













